भूना। एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस ने सनियाना गांव के खेतों में शनिवार शाम को जुआ खेलते 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास 53,300 रुपये बरामद किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर बताया कि सूचना मिली थी कि सनियाना गांव के खेतों में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। इस पर टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए जुआरियों को पकड़ने के लिए अनोखी रणनीति अपनाई। इंस्पेक्टर साधुराम के नेतृत्व में 14 पुलिसकर्मी सूखा चारा (तूड़ी) बनाने वाले मजदूरों के भेष में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मौके पर पहुंचे।
जैसे ही पुलिस टीम ने दबिश दी जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई और आरोपी भागने लगे। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 10 आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 53,300 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद