फतेहाबाद। गांव खाराखेड़ी के निलंबित सरपंच से रिकॉर्ड लेने के लिए पंचायत विभाग पुलिस विभाग से मदद मांगी है। पंचायत विभाग के अधिकारी शुक्रवार को पुलिस को साथ लेकर गांव खाराखेड़ी पहुंचे लेकिन सरपंच के न मिलने कारण अधिकारी खाली हाथ लौट आए।
गांव खाराखेड़ी के सरपंच संजय बिश्नोई का कुछ समय पहले गांव के ही अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति से झगड़ा हो गया। जिसके बाद पुलिस ने सरपंच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार होने पर सरपंच संजय बिश्नोई को उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने निलंबित कर दिया। इसके बाद सरपंच के पक्ष में गांव के लोग उपायुक्त से भी मिले थे और सरपंच संजय का निलंबन वापिस करने की मांग की।
पंचायत विभाग ने निलंबित सरपंच संजय से ग्राम पंचायत का रिकॉर्ड खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में जमा करवाने के आदेश दिए गए थे परंतु सरपंच ने रिकॉर्ड देने से मना कर दिया। उसी के बाद पुलिस को शिकायत दी गई।
बीडीपीओ भजन लाल ने बताया कि सरपंच संजय बिश्नोई ने सस्पेंड होने के बाद पंचायत का रिकार्ड विभाग को जमा नहीं करवाया है। इसके बाद कई बार लिखा जा चुका है लेकिन सरपंच बार-बार बहानेबाजी बनाकर आना-कानी कर रहा है। इसके लिए पंचायत विभाग ने पुलिस से मदद मांगी है ताकि रिकार्ड लिया जा सके।
सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि पंचायत विभाग ने निलंबित सरपंच संजय से रिकाॅर्ड लेने के लिए मदद मांगी है। जल्द ही पुलिस सरपंच से मिलकर रिकॉर्ड उपलब्ध करवाएगी।