समैन। गांव नांगली में ग्राम पंचायत की ओर से विकसित छह एकड़ के खेल मैदान में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण खिलाड़ियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मैदान की उचित देखरेख न होने से चारों ओर खरपतवार उग आई है जिससे खेल अभ्यास प्रभावित हो रहा है।
गांव के 30 से अधिक युवा रोजाना एथलेटिक्स और अन्य खेलों का अभ्यास करते हैं लेकिन सुविधाओं के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। खिलाड़ियों लालू, प्रदीप, अंकुश, महिपाल, सुमित, राहुल और तरसेम ने बताया कि पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं स्वयं ही करनी पड़ती हैं। मैदान में शौचालय, प्रशिक्षक और नियमित रखरखाव जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं।
खिलाड़ियों का कहना है कि संसाधनों की कमी के चलते वे खेलों की बेहतर तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। खिलाड़ियों ने सरकार और खेल विभाग से मांग की है कि मैदान का समतलीकरण, नियमित सफाई व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रशिक्षक तथा अन्य आवश्यक खेल सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके और वे अपने खेल कौशल को बेहतर बना सकें।
-
गांव में बना खेल मैदान सुविधाओं से वंचित है। खिलाड़ियों के लिए पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं नहीं हैं। सरकार से अपील है कि गांव के खिलाड़ियों की आवाज सुनी जाए और मैदान में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
- लालू, एथलीट
-
अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों को पानी घर से लाना पड़ता है क्योंकि मैदान में पेयजल की व्यवस्था नहीं है। स्वच्छता की स्थिति भी ठीक नहीं है। इस स्थिति में सुधार जरूरी है। प्रशासन से मांग है कि जरूरी सुविधा उपलब्ध करवाए।
- प्रदीप, खिलाड़ी
-
गांव में तीस से अधिक युवा नियमित अभ्यास करते हैं लेकिन संसाधनों की कमी के कारण उनका प्रदर्शन प्रभावित होता है। मैदान में अभ्यास के लिए उचित व्यवस्था न होने से प्रतिभा आगे नहीं बढ़ पा रही।
- नवदीप गिल, सामाजिक कार्यकर्ता।
-
ग्रामीण खिलाड़ियों में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की क्षमता है लेकिन मूलभूत सुविधाओं की कमी बाधा बन रही है। खेल मैदान में सुधार की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है पर ये पूरी नहीं हो रही हैं।
अमृत सिंह, पूर्व खिलाड़ी
-
पंचायत ने छह एकड़ भूमि खेल मैदान के लिए विकसित की है और समय-समय पर खिलाड़ियों को खेल सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाती है। मैदान की चहारदीवारी निर्माण की प्रक्रिया पर भी काम चल रहा है। ग्राम पंचायत खिलाड़ियों के हित में हर संभव सहयोग के लिए तैयार है। सरकार से मांग है कि खेल सुविधाओं के विकास के लिए पंचायत को आवश्यक ग्रांट उपलब्ध करवाई जाए।
- बलजीत सिंह, सरपंच प्रतिनिधि, नांगली।