फतेहाबाद। वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ करते एसपी निकिता खट्टर। आयोजक
फतेहाबाद। चार दिवसीय सीबीएसई क्लस्टर-16 वॉलीबाल प्रतियोगिता का शनिवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, पंचकूला, अंबाला सहित विभिन्न क्षेत्रों की 65 टीमों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर और जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता का आयोजन दि ऑलिव स्कूल में किया जा रहा है। एसपी निकिता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
विद्यालय के चेयरमैन टीडी मेहता ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण के बाद ध्वजारोहण किया और रिबन काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में एमएसएमई चेयरमैन सिरसा सुनील वर्मा, पूर्व डीईओ योगदत्त वर्मा, सेंट जोसफ स्कूल के डायरेक्टर सर्वजीत मान, बाल भारती पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर मक्खन सिंह, खान मोहम्मद की सरपंच सुमन रानी और भारत विकास परिषद के अध्यक्ष सीपी अहूजा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।