रतिया। सीआईए स्टाफ पुलिस ने शनिवार देर रतिया उपमंडल के गांव बबनपुर ढाणी के पास नाकेबंदी कर एक व्यक्ति से 32 बोर अवैध पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हथियार बेचने वाले एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार किया है, जबकि बिचौैलिया फरार है।
सीआईए स्टाफ के कर्मचारी विनोद, ज्योति प्रसाद व अन्य बबनपुर ढाणी के पास घग्घर नदी के पुल पर जांच कर रहे थे। इस दौरान ढाणी बबनपुर निवासी गुरजीत सिंह उर्फ जीती पुलिस टीम को देखकर जाने लगा तो टीम ने उसे पूछताछ के लिए काबू कर लिया। जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक 32 बोर अवैध पिस्तौल एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में गुरजीत ने बताया कि उसके साथी दीपू ने गांव रत्ता खेड़ा के विष्णु से यह हथियार दिलवाया था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और पूछताछ के बाद रत्ता खेड़ा निवासी विष्णु को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को अदालत में पेश किया गया। जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। संवाद