शहर में बरसाती पानी निकासी को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग खुद गंभीर नहीं है। 20 माह पहले बरसाती पानी निकासी के लिए तुलसीदास चौक से लेकर बस स्टैंड तक जो प्रोजेक्ट शुरू होना था वह आज तक शुरू नहीं हुआ है। ठेकेदार को जनस्वास्थ्य विभाग 12 नोटिस जारी कर चुका है लेकिन बावजूद इसके काम शुरू नहीं हुआ है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी सिर्फ नोटिस देकर खानापूर्ति कर रहे हैं।
ठेका रद्द करने के सवाल पर अधिकारी मौन हैं और दबाव से भी किनारा कर रहे हैं। जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता गिरीश कुमार का कहना है कि कोरोना महामारी के चलते काम बंद है हम उस पर दबाव नहीं डाल सकते हैं। करीब डेढ़ साल से पानी निकासी के लिए डाली जाने वाली पाइपें भी सड़क किनारे पड़ीं हैं। मानसून एक बार फिर दस्तक देने वाला है और जलभराव के हालात एक बार फिर से वैसे ही होंगे। पाइप लाइन डालने का काम दो चरणों में होना था। इसमें धर्मशाला रोड से तुलसीदास चौक और इसके बाद तुलसीदास चौक से वाल्मीकि चौक, नागरिक अस्पताल से बस स्टैंड के साथ होते हुए मुख्य चौक तक पाइप लाइन बिछाई जानी है। लेकिन अभी तक धर्मशाला रोड पर ही पाइप लाइन डाली गई है। संवाद
2019 में नगर परिषद ने जनस्वास्थ्य विभाग को दिए थे 62 लाख रुपये
शहर में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को खत्म करने के लिए 2019 में नगर परिषद ने जनस्वास्थ्य विभाग से प्रस्ताव मांगा था। जनस्वास्थ्य विभाग ने एस्टीमेट बनाकर नप को दिया था। नप ने धर्मशाला रोड, कन्या स्कूल के सामने, वाल्मीकि चौक, नागरिक अस्पताल से होते हुए नए बस स्टैंड तक पाइप लाइन डालने के लिए 62 लाख रुपये जारी किए थे। अक्तूबर 2019 में काम शुरू हुआ तो धर्मशाला रोड से तुलसीदास चौक तक पाइप लाइन डाली गई। इसके बाद कोरोना महामारी के चलते काम रोक दिया गया। लॉकडाउन खत्म होने के बाद भी ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया।
एसटीपी में लेकर जाना है पानी
बस स्टैंड के पास बड़ी पाइप लाइन है जो कि खैराती रोड स्थित एसटीपी में जा रही है। शहर के तुलसीदास चौक, बर्फ फैक्ट्री वाली गली, नागरिक अस्पताल एरिया का पानी बस स्टैंड के पास बड़ी पाइप लाइन में जोड़ी जानी है।
27 को खुलना है टैंक बनाने का टेंडर
धर्मशाला रोड, तुलसीदास चौक क्षेत्र का बरसाती पानी निकासी के लिए कन्या स्कूल में टैंक बनाया जाना है। टैंक बनाने के लिए टेंडर 27 जून को खुलना है। टैंक से पानी रंगोई नाले में डाला जाएगा।
कोट
ठेकेदार को 12 नोटिस दिए जा चुके हैं लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। ठेकेेदार कह रहा है कि उसके पास लेबर नहीं है। दो बार कोरोना महामारी आने के कारण ठेकेदार पर दबाव नहीं डाला जा रहा है। जल्द काम शुरू करवा दिया जाएगा।
- गिरीश, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग।