फतेहाबाद। शहर के काठमंडी निवासी बलराज उर्फ गोली हत्याकांड मामले में पुलिस ने मुख्य षड्यंत्रकारी आरोपी बलराज उर्फ बल्लू और उसके साथी मुकेश को भगाने में प्रयोग की गई पिकअप को राजस्थान के उज्लवास से बरामद किया है। आरोपी बलराज उर्फ बल्लू और उसके साथी को पिकअपसे आगे भागने के लिए नोहर-भादरा रोड पर छोड़ा गया था। पुलिस को ये गाड़ी आरोपी अनिल ठेकेदार ने रिमांड के दौरान बरामद करवाई है।
आरोपी अनिल को पुलिस ने वीरवार को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया था। मामले में रेकी करने के आरोप में पकड़े गए आरोपी प्रवीन को रिमांड खत्म होने पर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी से पुलिस ने रेकी के लिए इस्तेमाल हुए मोबाइल और मोटरसाइकिल को बरामद किया है। इस मामले में पुलिस अब तक 6 आरोपियों को पकड़ चुकी है। हालांकि मुख्य आरोपी और शूटर पुलिस गिरफ्त में नहीं आए हैं।
एक सप्ताह पहले हुई थी वारदात
शहर के स्वामी नगर रोड पर सतीश कॉलोनी के पास गाड़ी सवार बलराज उर्फ गोली पर मोटरसाइकिल पर आए युवकों ने फायरिंग की थी। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल ने हिसार के निजी अस्पताल में रविवार को दम तोड़ दिया था। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिवार ने लालबत्ती चौक पर जाम लगाया था और कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा कई घरों में और गाडिय़ों में तोड़फोड़ की थी। इसके बाद से पुलिस प्रशासन अलर्ट है और सुरक्षा के तौर पर सात जगहों पर नाकेबंदी जारी है।