फतेहाबाद। नागरिकअस्पताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नशा न करने की शपथ लेते हुए उपस्थित लोग
फतेहाबाद। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर नागरिक अस्पताल में आयोजित जागरूकता शिविर में आमजन और स्वास्थ्य कर्मियों को तंबाकू व नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई तथा तंबाकू सेवन से होने वाले शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मनोरोग विशेषज्ञ एवं नशामुक्ति केंद्र प्रभारी डॉ. गिरीश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डालते हैं। उन्होंने सभी से जीवनभर नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर निशा रानी ने भी तंबाकू युक्त पदार्थों के सेवन से बचने संबंधी जानकारी साझा की।
मनोवैज्ञानिक गोविन्द्र कौर ने सिगरेट तथा अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशे की लत युवाओं के स्वास्थ्य के साथ-साथ उनकी शिक्षा और भविष्य को भी प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूरी बनाए रखने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
शिविर में लोगों के बीच तंबाकू के दुष्प्रभावों से संबंधित सूचनात्मक पंपलेट वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन टेली मानस की 24 घंटे उपलब्ध निःशुल्क परामर्श सेवा तथा तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी। टीम ने बताया कि जरूरत पड़ने पर नागरिक इन सेवाओं का लाभ लेकर विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन (टेली मानस 24x7 निःशुल्क सेवा) के हेल्पलाइन नंबर 14416 अथवा 1800-891-4416 और तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के हेल्पलाइन नंबर 1800-112-356 के बारे में जानकारी दी गई। इन नंबरों पर कोई भी नागरिक निःशुल्क परामर्श सेवा का लाभ उठा सकते हैं।