राजस्थान पुलिस की गाड़ी को घेरकर खड़े लोगों को हटवाती डायल 112 की टीम। संवाद
फतेहाबाद। ट्रैक्टर चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए राजस्थान के थाना अकलेरा जिला झालावाड़ से फतेहाबाद पहुंची पुलिस टीम को ऑटो मार्केट के पास लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस जिस आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए आई थी, उसे पकड़ने के बाद गाड़ी में बैठाकर जाने लगी।
इसी दौरान लोगों ने गाड़ी पीछा कर भूना रोड पर घेर लिया। वहीं सूचना मिलने पर डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और राजस्थान पुलिस के कर्मचारियों और पकड़े गए आरोपी को फतेहाबाद सेक्टर तीन की पुलिस चौकी में लेकर आई। राजस्थान पुलिस की ओर से हरजीत निवासी झंडा खुर्द थाना सरदूलगढ़ जिला मानसा पंजाब को शहर की ऑटो मार्केट से हिरासत में लिया गया था।
हरजीत पर 2021 में थाना अकलेरा जिला झालावाड़ में में ट्रैक्टर का चोरी का केस दर्ज है। इसी मामले में मंगलवार को थाना अकलेरा से मुख्य सिपाही जनक लाल अपनी टीम के साथ हरजीत को पकड़ने के लिए आए थे। इससे पहले भी काफी बार आरोपी को पकड़ने के लिए वह फतेहाबाद आ चुके है लेकिन वह उनके हत्थे नहीं चढ़ रहा था।
-
लोगों ने किया पुलिस का घेराव
आरोपी के शोर मचाने पर ऑटो मार्केट में काम करने वाले और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने राजस्थान पुलिस की टीम को वर्दी में न देखकर उन्हें असली पुलिस मानने से इन्कार कर दिया। लोगों ने आरोपी को पुलिस से छुड़वाने की की कोशिश भी की।