पेयजल संकट से परेशान गांव समैण के लोगों ने सोमवार की सुबह दस बजे बस स्टैंड चौक पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने एक न सुनी।
बाद में तहसीलदार हरिओम बिश्नोई और जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ मोदी मौके पर पहुंचे।उन्होंने ग्रामीणों को जल्द से जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीणाें ने जाम खोल दिया। जाम के कारण लोगों को करीब दो घंटे तक परेशान रहना पड़ा।
प्रदर्शन में शामिल सत्या देवी, कान्हा शर्मा, विजेंद्र गिल, विक्रम, कुलदीप, सुरेंद्र, जयकिशन, भीमा, रमेश, जीता, मलकीत, जमीन खान अहमद, हिम्मत सिंह, सुनीता, संतरो, माया देवी, रामप्यारी, राजो देवी, माया देवी, रोशनी आदि ने बताया कि गांव में पिछले 15 दिनों से पानी की समस्या है। जलघर से जो पाइप लाइन आ रही हैै, वह काफी छोटी है।
उसका प्रेशर भी कम है। जलघर से पानी चलता है तो एक घंटे तक उनके यहां नहीं पहुंचता। इतने में पानी बंद हो जाता है या बिजली चली जाती है। इस कारण कुछ घराें में पानी आ जाता है, जबकि बाकी घरों में पानी की एक बूंद नहीं आ पाती। उन्होंने कहा कि इस बारे में विधायक परमवीर सिंह से भी मिल चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब तो पशुओं के लिए भी पानी नहीं है।
ऐसे में उन्हें यह जाम लगाने पर विवश होना पड़ा। नवदीप गिल ने बताया कि उन्होंने आला अधिकारियों को भी इस समस्या से अवगत कराया था, लेकिन वहां भी सुनवाई नहीं हुई। मौके पर पहुंचे थाना सदर प्रभारी प्रदीप कुमार ने ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण इस मांग पर अड़े रहे कि जब तक कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं आते, तब तक जाम नहीं खोलेंगे। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सरकार के साथ विधायक के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।
टोहाना-हिसार रोड पर लगी वाहनों की लंबी लाइन
बस स्टैंड चौक पर जाम लगने के कारण टोहना-हिसार रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम करीब दो घंटे तक लगा रहा। इस दौरान जाम में फंसे लोग गर्मी से भी बेहाल नजर आए। स्थानीय निवासी चंद्रप्रकाश ने बताया कि उन्हें जरूरी काम से हिसार जाना है। जाम कब खुलेगा, कुछ पता नहीं। वाहन इस कदर फंस गए हैं कि कहीं से निकलना मुमकिन नहीं है।
तहसीलदार के आश्वासन पर माने प्रदर्शनकारी
सूचना मिलने पर तहसीलदार हरिओम बिश्नोई और जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ नीतिन मोदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को विस्तार से सुना और भरोसा दिलाया कि जलघर से सप्लाई में आ रही दिक्कतों को जल्द ही दूर करा दिया जाएगा। यह भरोसा पाकर ग्रामीणों ने दोपहर करीब 12 बजे जाम खोल दिया। जाम खुलने के बाद भी ट्रैफिक को सुचारु होने में काफी समय लगा।