रतिया में टेलीफोन एक्सचेंज के पास पड़ा हुआ कचरा । स्रोत : जागरूक पाठक
रतिया। अनाज मंडी के पीछे टेलीफोन एक्सचेंज के पास लगे हुए कचरे के ढेर के कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कचरे के ढेर से उठने वाली बदबू से लोगों को रहना मुहाल हो गया है।
वार्ड 14 के पार्षद गुरप्रीत सिंह गोपी ने इस बारे में मुख्यमंत्री को शिकायत भेजते हुए समस्या के समाधान की मांग की है। पार्षद ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर कचरे का ढेर नहीं हटाया गया तो मजबूरन वे नगर पालिका कार्यालय के सामने धरना देने पर मजबूर होंगे। पार्षद गुरप्रीत ने बताया कि अनाज मंडी के पीछे टेलीफोन एक्सचेंज के पास नगर पालिका ने कचरे का डंपिंग प्वाइंट बनाया था।
सारे शहर का कचरा वहां पर इकट्ठा किया जाता था। पिछले कई दिनों से वहां से कचरा नहीं उठाया गया है। जिस कारण उठती दुर्गंध से अनाज मंडी और मॉडल टाउन निवासी बेहाल हैं। पार्षद के अनुसार वे इस बारे में कई बार अधिकारियों को मिल चुके हैं पर उनकी कोई सुनवाई नहीं की जा रही। नगर पालिका सचिव शुभम कुमार का कहना है कि कचरे का ढेर हटाने के लिए जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।