फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में ओपीडी पंजीकरण समय से पहले बंद करने पर मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल में विशेषज्ञों की ओपीडी (पर्ची काटना) सुबह साढ़े 11 बजे ही बंद की जा रही है, जबकि ओपीडी का समय सुबह 8 से लेकर दोपहर 2 बजे तक है।
मंगलवार को हालात ये रहे कि अस्पताल में ईएनटी, टीबी रोग विशेषज्ञ, मनोचिकित्सक, नेत्र रोग विशेषज्ञ की ओपीडी पंजीकरण सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर बंद कर दिया गया। इस बारे में काउंटर पर घोषणा भी की गई कि कोई भी इन विशेषज्ञों की पर्ची कटवाने के लिए न आएं।
वहीं अधिकारियों का कहना है कि विशेषज्ञों पर अतिरिक्त कार्यभार के चलते ओपीडी बीच में बंद करना पड़ रही है। इसके अलावा कई विशेषज्ञों के ऑपरेशन कार्य होने के कारण ओपीडी बंद करनी पड़ रही है। वहीं टीबी रोग विशेषज्ञ की ओपीडी एक सप्ताह बाद शुरू हुई है।
-
अस्पताल में रोजाना पहुंचते हैं एक हजार मरीज
नागरिक अस्पताल में रोजाना 850 से 1000 तक मरीज पहुंच रहे हैं। वजह ये है कि मौसम में बदलाव के चलते वायरल मरीज बढ़ रहे हैं। रोजाना अस्पताल में 150 तक वायरल के मरीज पहुंच रहे हैं। अस्पताल में मुख्य तौर पर चर्म रोग, दंत रोग, महिला रोग, नेत्र रोग, हड्डी रोग, मनोरोग, कान-नाक गला रोग, टीबी रोग विशेषज्ञ की ओपीडी होती है।
-
जच्चा-बच्चा ओपीडी ब्लॉक के बाहर लगेगा शेड
नागरिक अस्पताल में जच्चा-बच्चा ओपीडी ब्लॉक के बाहर नागरिक अस्पताल प्रशासन शेड लगवा रहा है। इससे मरीजों को अब गर्मी में परेशान नहीं होना पड़ेगा। अस्पताल में हर माह 9, 10 और 23 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत कैंप लगाया जाता है। कैंप के दौरान मरीजों की संख्या ज्यादा होने पर गर्मी में बाहर खड़ा होना पड़ रहा था। इसके चलते ब्लॉक के बाहर शेड लगवाया जा रहा है।
-
नागरिक अस्पताल में ओपीडी का समय सुबह 8 बजे शुरू हो जाता है। विशेषज्ञों के पास अतिरिक्त कार्यभार और कई बार ऑपरेशन केस होने के कारण समय से पहले ओपीडी बंद करनी पड़ती है।
- डॉ. बुधराम, एसएमओ, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।