फतेहाबाद। साइबर अपराध थाना पुलिस ने क्रेडिट कार्ड की लेनदेन सीमा बढ़ाने के नाम पर जाखल के एक दुकानदार से ठगी के आरोपी को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ में पता चला कि शातिर ठगी के लिए दूसरे लोगों के बैंक खाते का इस्तेमाल करते थे और इसकी एवज में खाताधारक को 30 फीसदी तक कमीशन का लालच दिया जाता था। हालांकि अभी इनके मास्टरमाइंड नहीं पकड़े जा सके हैं।
साइबर अपराध थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि जाखल मंडी निवासी महावीर प्रसाद की शिकायत पर 18 जुलाई को ठगी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी दवा की दुकान जाखल मंडी में स्थित है। उनके पास इंडसइंड बैंक का क्रेडिट कार्ड है। इसके लिए 10 जुलाई को उनके पास फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि वह बैंक से बोल रहा है। बैंक ने आपके क्रेडिट कार्ड की लेनदेन सीमा बढ़ाने का मौका है।
इसके बाद आरोपी ने उनके व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा और कहा कि इस लिंक पर क्लिक करते ही उनके क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ जाएगी। कॉलर की बातों में आकर उन्होंने भेजे गए लिंक पर क्लिक किया तो देखा कि उसमें उनके खाते की जानकारी पहले से ही अंकित थी। इसके बाद उनके फोन पर ओटीपी आया। उन्होंने मिले ओटीपी को उस लिंक पर भर दिया जिसके बाद उनके क्रेडिट कार्ड से 1,00,635 रुपये कट गए।
इस मामले के आरोपी की पहचान आकिब निवासी फजलपुर नई दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। वहां से रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। इसके माध्यम से गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा रहा है।