फतेहाबाद। मौसम में बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। लोग वायरल की चपेट में आ रहे हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों में ओपीडी में बढ़ोतरी हुई है। पहले जहां 50 से 60 मरीज बुखार, खांसी के आ रहे थे वहीं अब आंकड़ा 100 तक पहुंच गया है। बच्चे भी वायरल की चपेट में आ रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि रोजाना मौसम में परिवर्तन हो रहा है और लोग उस हिसाब से खुद को नहीं ढाल रहे हैं। लोगों ने गर्मी के हिसाब से कपड़े पहनने शुरू कर दिए यहां तक ठंडा पानी भी पीने लगे हैं। लेकिन मौसम ऐसा नहीं है। इसी के चलते गले में खराश, बुखार, जुकाम और खांसी हो रहा है। नागरिक अस्पताल फतेहाबाद के विशेषज्ञ डॉ. मनीष टुटेजा का कहना है कि पिछले 10 दिनों से वायरल मरीजों की ओपीडी बढ़ी है। मरीज की हालत के अनुसार उसके टेस्ट और दवाई दी जा रही है।
जिले में स्वाइन फ्लू के ये केस आ चुके सामने
वर्ष केस मिले
2015-16 8
2016-17 0
2017-18 27
2018-19 59
2019-20 2
2020-21 2
2021-22 0
2022-23 3
2023-24 14
-
स्वाइन फ्लू के चार साल बाद मिले ज्यादा केस :
जिले में इस बार पिछले सालों के मुकाबले स्वाइन फ्लू के भी अधिक केस मिले हैं। वर्ष 2018-19 में जिले में स्वाइन फ्लू के 59 केस मिले थे। इसके बाद आंकड़ा 5 से भी कम रहा। लेकिन इस बार आंकड़ा 14 तक पहुंच गया। हालांकि स्वाइन फ्लू का फिलहाल कोई केस नहीं मिला है। स्थिति नियंत्रण में है।
-
मौसम में परिवर्तन के कारण लोग वायरल की चपेट में आ रहे है। मौसम बदल रहा है इसलिए लोगों को खानपान और रहन-सहन पर विशेष तौर पर ध्यान देने की जरूरत है। मौसम के अनुसार कपड़े पहने और फास्टफूड से परहेज करें।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ