कोरोना वायरस को देखते हुए जिला में 25 मार्च से जारी लॉकडाउन में कुछ किराना और मेडिकल स्टोर के संचालकों द्वारा आवश्यक वस्तुओं के दाम निर्धारित दामों से ज्यादा वसूलने की शिकायत मिलने पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने रतिया व भूना में करीब 20 दुकानों पर कार्रवाई की। विभाग की टीम ने रतिया में 5 दुकानों व भूना में 1 दुकान पर सामान के निर्धारित कीमत से ज्यादा वसूलने या वस्तुओं पर एमआरपी न होने के कारण उनके चालान काट दिए। इस टीम में एएफएसओ लेखराज और नापतोल निरीक्षक धर्मपाल शामिल थे। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक प्रमोद शर्मा ने कहा कि किसी भी निर्धारित दामों से ज्यादा दाम नहीं वसूलने दिए जाएंगे।
जानकारी अनुसार खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक प्रमोद शर्मा व खाद्य आपूर्ति अधिकारी विनीत जैन को सूचना मिली कि कुछ दुकानदार लॉकडाउन का फायदा उठाते हुए मनमाने दाम वसूल रहे हैं। डीएफएससी ने सहायक फूड एंड सप्लाई ऑफिसर लेखराम व नापतोल निरीक्षक धर्मपाल की टीम गठित कर जांच के आदेश दिए। टीम ने रतिया की 15 दुकानों पर कार्रवाई की। इनमें 5 दुकानों पर अनियमितताएं पाई गई। मुख्य रूप से भगत सिंह चौक पर स्थित ओमप्रकाश, कृष्णलाल, विनोद कुमार, अशोक कुमार की किराने की दुकान, बत्रा वैरायटी स्टोर, टोहाना रोड, ग्रोवर किराना स्टोर व सुभाष कंफैक्शनरी बुढ़लाडा रोड पर अनेक वस्तुओं पर एमआरपी नहीं लिखा था जिसे वह बेच रहे थे। इनमें से दो दुकानों को निर्धारित रेट से ज्यादा वसूलते हुए भी पाया गया। विभाग की टीम ने पांचों दुकानदारों को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत चालान कर नोटिस थमा दिया। इसी तरह भूना के मुख्य बाजार में राम किराना स्टोर पर आटा की थैली पर एमआरपी नहीं मिला। इस पर विभाग की टीम ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत दुकानदार का चालान कर दिया। खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक प्रमोद शर्मा ने कहा कि जब तक लॉकडाउन है ऐसे ही कार्रवाई जारी रहेगी।