फतेहाबाद के पटवार भवन में लघु सचिवालय की ओर कूच करने से पहले नारेबाजी करते पटवारी व कानूनगो।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। पे ग्रेड बढ़ोतरी की मांग को लेकर पटवारी और कानूनगो सोमवार से अपने कार्य का बहिष्कार शुरू कर दिया है, जो 28 दिसंबर तक चलेगा। द रेवेन्यू व कानूनगो एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार को पटवारी व कानूनगो पटवार भवन में एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचकर धरना दिया। पटवारियों व कानूनगो की हड़ताल के चलते तहसील के कई काम बाधित रहे, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
धरने की अध्यक्षता एसोसिएशन के जिला प्रधान सुरेश कुमार ने की। धरने के दौरान पटवारी व कानूनगो ने सरकार विरोधी नारेबाजी भी की। पूर्व तहसील प्रधान मंगतराम कानूनगो ने बताया कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पिछले साल जींद में आयोजित एक कार्यक्रम में पे ग्रेड बढ़ोतरी इसी वित्त वर्ष से करने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक यह घोषणा पूरी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि पटवारी व कानूनगो 28 दिसंबर तक अपने कार्य का बहिष्कार करेंगे और 28 दिसंबर को अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपेंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार से सभी पटवारियों व कानूनगो ने कलम छोड़ दी है। जनता को अगर किसी प्रकार की परेशानी आएगी तो इसकी जिम्मेदार सरकार है। पटवारियों के सोमवार को हड़ताल पर रहने से तहसील कार्यालय के कई काम अटके रहे। लोगों को अपनी फर्द निकलवाने, रजिस्ट्री व इंतकाल करवाने तथा डोमेसाइल व अन्य कागजातों की तस्दीक करवाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।
इस मौके पर पूर्व राज्य प्रधान पृथ्वी सिंह कांकड़, राजाराम, सुशील कुमार, हरि सिंह, मंगतराम, अश्विनी कुमार, वीर सिंह, सुभाष बिश्नोई, गुरुनाम सिंह, तहसील प्रधान अशोक कुमार सहित अनेक पटवारी व कानूनगो उपस्थित थे।