फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर तालाब के ढक्कन पर बैठे मरीज सं
फतेहाबाद। बढ़ती गर्मी के बीच सोमवार को नागरिक अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ने से व्यवस्थाएं चरमरा गईं। अस्पताल में करीब 1500 मरीज उपचार के लिए पहुंचे जिसके चलते ओपीडी और रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर लंबी कतारें लगी रहीं। भीड़ के मुकाबले बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए।
अस्पताल में ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए केवल तीन कर्मचारी तैनात थे। सुबह से ही रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर मरीजों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दोपहर तक कतारें कम नहीं हुईं। बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ आए परिजनों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। गर्मी के कारण कतारों में खड़े कई मरीज परेशान नजर आए। महिला मरीज काउंटर के बाहर नीचे बैठ गई। हालात ये रहे कि महिलाएं वहीं लेट गईं।
गर्भवती महिलाओं को भी रजिस्ट्रेशन और जांच के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। अस्पताल परिसर में पर्याप्त बैठने की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई महिलाएं लाइन में खड़ी रहीं। मरीजों का कहना था कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए अतिरिक्त इंतजाम किए जाने चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
-
सात दिन बाद शुरू हुई चर्म रोग विशेषज्ञ की ओपीडी
उधर, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीत की ओपीडी सात दिन बाद दोबारा शुरू होने से त्वचा संबंधी रोगियों की संख्या भी अधिक रही। पिछले एक सप्ताह से विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को इंतजार करना पड़ रहा था। ओपीडी शुरू होने पर बड़ी संख्या में मरीज परामर्श के लिए पहुंचे।
-
गर्मी और मौसमी बीमारियों के कारण मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। भीड़ को नियंत्रित करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
-डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन