फतेहाबाद। लोक निर्माण विभाग की ओर से रतिया चुंगी से राष्ट्रीय राजमार्ग के बाइपास तक नई सड़क का निर्माण तो पूरा हो गया है, लेकिन स्ट्रीट लाइट अभी तक नहीं लग पाईं। विभाग की विद्युत शाखा ने सड़क के बीचोंबीच डिवाइडर पर पिलर (बेस) तो बना दिए थे, लेकिन तीन माह से उस पर लाइन लगाने का काम रुका हुआ है।
इस वजह से शाम होते ही सड़क अंधेरे में डूब जाती है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय लोग लगातार स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग कर रहे हैं। विभाग ने सड़क निर्माण के बाद लाइट लगाने का आश्वासन दिया था, लेकिन कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह स्थिति सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन गई है और जिम्मेदार विभाग को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
जल्दी अंधेरा होने के कारण दुकानदारों को भी परेशानी
शाम होते ही अंधेरा होना शुरू हो जाता है। लाइट नहीं लगी होने से राहगीरों को आवागमन में दिक्कत होती है, साथ ही दुकानदारों को भी काफी परेशानी होती है। अंधेरा होने के चलते हादसे के साथ वारदात होने का भी भय बना रहता है। अभी सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है तो ऐसे में कोहरे के चलते और ज्यादा परेशानी आमजन की बढ़ सकती है।
-
सड़क बने काफी समय हो चुका है, लेकिन अभी तक स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है, जिस कारण रात के समय वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। साथ ही पैदल लोगों को भी आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
- राजेश कुमार, स्थानीय निवासी।
काफी समय से स्ट्रीट लाइट लगने के काम शुरू हुआ था, लेकिन अभी तक उनका बेस बनाया गया है। जल्द से जल्द लाइट लगनी चाहिए, ताकि अब आने वाले दिनों में धुंध में लाइटों का वाहन चालकों को इनका फायदा मिल सके।
- हरजीत सिंह, स्थानीय निवासी।
अब आगामी दिनों में धुंध आनी शुरू हो जाएगी। इस सड़क पर स्ट्रीट लाइट जल्द से जल्द लगनी चाहिए, रात के समय अंधेरा होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाने व आने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है।
- भूपेंद्र रंधावा, स्थानीय निवासी।
-
अधिकारी बोले 15 दिनों तक लग जाएगी लाइट
लोक निर्माण विभाग के विद्युत शाखा के जेई रविकांत ने बताया कि अभी विभाग का भट्टू रोड पर काम चल रहा है। उसको पूरा करने के बाद रतिया चुंगी से बाईपास तक लाइटें लगाई जाएंगी।