ब्राह्मणवाला में राजकीय प्राथमिक पाठशाला में बिना अध्यापक स्कूल में मौजूद स्कूली विद्यार्थी ,स्
रतिया। गांव ब्राह्मणवाला स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में अध्यापकों की कमी से बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वर्तमान में स्कूल में 147 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिए केवल 3 अध्यापक उपलब्ध हैं। इस कारण बच्चों की शिक्षा का स्तर गिरता जा रहा है।
करीब दो महीने पहले शिक्षा विभाग ने स्कूल में दो अतिरिक्त अध्यापकों को डेपुटेशन पर भेजा था, लेकिन अब वह भी रद्द कर दिया गया है। अब स्कूल में फिर से तीन ही अध्यापक रह गए हैं। अभिभावकों ने कई बार विभाग से अतिरिक्त अध्यापकों की नियुक्ति की मांग की, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
एसएमसी कमेटी की प्रधान मनप्रीत कौर, सरपंच प्रतिनिधि हरजीवन सिंह, और अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही अध्यापकों की कमी पूरी नहीं की गई तो वे अपने बच्चों के नाम स्कूल से कटवाने को मजबूर होंगे।
-
स्कूल में अध्यापकों की कमी के बारे में उनके पास ज्ञापन आया था। एक अध्यापक की प्रति नियुक्ति कर दी गई है और एक अन्य की प्रतिनियुक्ति के लिए फाइल ऊपर भेजी गई है।
-शशि प्रकाश, खंड शिक्षा अधिकारी।