गांवों की पढ़ी-लिखी चौधर के चुनाव में इस बार सर्वसम्मति का फार्मूला हिट रहा है। हालांकि, पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान होना बाकी है, लेकिन जिले को सर्वसम्मति के लिए ग्रांट के तौर पर 16 करोड़ रुपये मिलना तय है।
आखिरी चरण के लिए रतिया और जाखल खंड में वोटिंग 24 जनवरी को होनी है, लेकिन इससे पहले ही रतिया ब्लॉक ने जिले में सबसे ज्यादा ग्रांट अपने नाम कर ली है। सर्वसम्मति बनाने पर प्रदेश सरकार द्वारा पुरस्कार स्वरूप घोषित ग्रांट के तहत रतिया ब्लॉक को सरकार से 3 करोड़ 39 लाख की ग्रांट मिलेगी। वहीं, जाखल ब्लॉक के हिस्से सबसे कम 99 लाख रुपये की ग्रांट आएगी।
महज पंचों के सहारे भट्टू को मिलेगी एक करोड़ की ग्रांट
जिले से भट्टू एकमात्र ऐसा ब्लॉक रहा जहां से ना तो कोई सरपंच निर्विरोध चुना गया और ना ही कोई पंचायत। बावजूद इसके भट्टू खंड को सर्वसम्मति से प्रतिनिधि चुनने में 1 करोड़ से अधिक की ग्रांट मिलेगी। दरअसल भट्टू खंड से इस बार दो पंचायत समिति उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं और 202 पंचों को सर्वसम्मति मिली है।
इसलिए दो लाख प्रति पंचायत समिति सदस्य एवं 50 हजार प्रति पंच के हिसाब से भट्टू खंड को एक करोड़ एक लाख रुपये की राशि मिलेगी। फतेहाबाद को जिले में दूसरा नंबर हासिल हुआ है। फतेहाबाद के हिस्से दो करोड़ 87 लाख आए हैं। वहीं, टोहाना को 1.90 करोड़ और भूना को 1.80 करोड़ की ग्रांट मिलेगी।
निर्विरोध पंचायत पर 11 लाख, सरपंच पर मिलेगी पांच लाख की ग्रांट
प्रदेश सरकार की घोषणा के मुताबिक, पंचायत चुनाव में निर्विरोध पूरी पंचायत चुने जाने पर उस पंचायत को 11 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसी तरह निर्विरोध सरपंच चुने जाने पर पांच लाख, पंचायत समिति सदस्य चुने जाने पर दो लाख प्रति सदस्य एवं पंच को निर्विरोध चुने जाने पर 50 हजार रुपये प्रति पंच ग्रांट के रूप में दिए जाएंगे।
जिले में सर्वसम्मति से चुने गए जनप्रतिनिधि
फतेहाबाद ब्लॉक
पंचायत सरपंच पंचायत समिति सदस्य पंच
03 02 01 484
रतिया ब्लॉक
पंचायत सरपंच पंचायत समिति सदस्य पंच
07 05 03 463
टोहाना ब्लॉक
पंचायत सरपंच पंचायत समिति सदस्य पंच
02 03 03 294
भूना ब्लॉक
पंचायत सरपंच पंचायत समिति सदस्य पंच
05 00 01 247
भट्टू ब्लॉक
पंचायत सरपंच पंचायत समिति सदस्य पंच
00 00 02 202
जाखल ब्लॉक
पंचायत सरपंच पंचायत समिति सदस्य पंच
02 01 00 144
इस बार फतेहाबाद जिले में 19 पंचायतें और 11 सरपंच सर्वसम्मति से चुने गए हैं। इसके अलावा 10 पंचायत समिति सदस्य एवं 1834 पंच निर्विरोध चुने गए हैं। इन सभी को प्रदेश सरकार के एलान के मुताबिक ग्रांट मुहैया करवाई जाएगी। -राजेश खोथ, जिला पंचायत एवं विकास अधिकारी, फतेहाबाद।