पंचायत समिति भूना के चेयरमैन पद को लेकर 15 जून को प्रस्तावित चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विधायक चौधरी दूड़ाराम नहला व बैजलपुर तथा दहमान के समिति सदस्यों में से एक को चेयरमैन पद की जिम्मेवारी सौंपना चाहते हैं।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अपनेे विधानसभा के गांव जांडली कलां से समिति सदस्य का आशीर्वाद दिया है। इसके कारण चंद्र सोनी ने चेयरमैन पद हथियाने के लिए ताल ठोक दी है। लेकिन बरहाल टोहाना के विधायक देवेंद्र सिंह बबली व रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा के खेमे की सक्रियता नजर नहीं आ रही। पंचायत समिति भूना के चेयरमैन पद को लेकर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी महेंद्र सिंह नेहरा ने उपायुक्त फतेहाबाद के आदेश पर 15 जून को चेयरमैन पद का चुनाव करवाने को लेकर समिति के 20 सदस्यों तथा जिला के 3 विधायकों को पत्र भेजकर चुनावी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। चुनावी नोटिस मिलने के बाद पंचायत समिति के सदस्यों में चुनावी हलचल पैदा हो गई है और पद के दावेदार बहुमत जुटाने के साथ-साथ राजनीतिक स्तर पर गोटियां फिट कर रहे हैं।
एसईपीओ नरेंद्र सिंह कुंडू ने बताया कि गत 25 फरवरी को चेयरपर्सन प्रवीण कुमारी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर एक तरफा वोटिंग होने के कारण पंचायती राज विभाग ने उन्हें पद से मुक्त कर दिया था। परंतु तभी से लेकर आज तक चेयरमैन पद रिक्त होने के कारण पंचायत समिति कार्यों में रुकावट बनी हुई थी। जिसको लेकर 26 मार्च को पंचायत समिति चेयरमैन पद का चुनाव होना निर्धारित किया गया था। किंतु कोरोना वायरस को लेकर प्रदेश में लगे लॉकडाउन को देखते हुए चेयरमैन चुनाव प्रतिक्रिया को आगामी आदेशों तक रोक दिया गया था। मगर अब फिर प्रशासनिक स्तर पर 15 जून को पंचायत समिति भूना के चेयरमैन रिक्त पद का चुनाव करवाना निश्चित किया है।
पंचायत समिति भूना चेयरमैन पद को लेकर 15 जून को प्रस्तावित चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने के लिए समिति के 20 सदस्यों के अतिरिक्त तीन विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है। इनमें पंचायत समिति के वार्ड नंबर एक के जगदीश चंद्र, वार्ड-दो के राजकुमार, वार्ड-तीन की मुकेश देवी, वार्ड-चार के नत्थू राम, वार्ड-पांच के नरेश कुमार, वार्ड-6 के राजपाल, वार्ड-7 की सुनीता देवी, वार्ड-8 की उषा देवी, वार्ड-9 के साधु राम, वार्ड-10 की प्रवीण कुमारी, वार्ड-11 की ज्योति देवी, वार्ड-12 के राजेंद्र सिंह, वार्ड-13 के सुंदर कुमार, वार्ड-14 की अनीता देवी, वार्ड-15 के चंद्र लाल सोनी, वार्ड-16 की अनीता देवी, वार्ड-17 की अनु देवी, वार्ड-18 की रेनू देवी, वार्ड-19 के अनिल कुमार व वार्ड-20 के कृष्ण कुमार के अतिरिक्त फतेहाबाद के विधायक चौधरी दुड़ाराम, टोहाना के विधायक देवेंद्र सिंह बबली व रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा को चुनावी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया गया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी महेंद्र सिंह नेहरा ने बताया कि कोरोना वायरस लॉकडाउन के कारण उपायुक्त फतेहाबाद के आदेशानुसार 26 मार्च को प्रस्तावित पंचायत समिति चेयरमैन चुनावी प्रक्रिया रद्द कर दी गई थी। परंतु अब 15 जून को पंचायत समिति के रिक्त चेयरमैन पद का चुनाव होगा।