फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जाखल रेलवे सुरक्षा प्रभारी समेत एक दिन में सात कोरोना पॉजिटिव मरीज आए सामने

विज्ञापन
विज्ञापन
जिले में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को जिले में सात और मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में कोरोना मरीजों की कुल संख्या बढ़कर अब 24 हो गई है जबकि सात मरीज ठीक होकर अपने घर भी लौट चुके हैं। नए केस टोहाना और जाखल कस्बे से हैं, जिसमें टोहाना निवासी युवक दिल्ली स्थित अपने ससुराल से लौटा है जबकि जाखल रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी भी दिल्ली में एक सप्ताह बिताने के बाद वापिस जाखल लौटे हैं।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग ने दोनो मामलों में कंटेनमेंट और बफर जोन बनाकर आवश्यक प्रक्रियाओं को शुरू कर दिया है। दोनों मरीजों को अग्रोहा मेडिकल के लिए रेफर भी कर दिया गया है। टोहाना क्षेत्र में अब सबसे अधिक सात मामले हो गए हैं। इसमें गांव बोस्ती की विवाहिता का केस भी शामिल है। अकेले टोहाना में तीन केस सामने आ चुके हैं, जबकि जाखल में ये पहला केस है।
परिवार के साथ दिल्ली से पैदल चलकर पहुंचा जींद, फिर ऑटो से टोहाना पहुंचा, अब रिपोर्ट आई पॉजिटिव
टोहाना। शहर के भूना रोड़ का रहने वाला एक 25 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। युवक फरवरी माह में अपने परिवार के साथ एक शादी में हिस्सा लेने के लिए गुजरात गया था और वहां से वापिसी में उसकी मां जहां दिल्ली से टोहाना आ गई, जबकि वो अपने बाकी परिवार के साथ दिल्ली के रघुबीर नगर स्थित अपने ससुराल में रुक गया था।
विज्ञापन

इस बीच लॉकडाउन होने के चलते वो वहां फंस गया। बाद में 28 मई को वो दिल्ली से बहादुरगढ़, रोहतक के रास्ते 30 मई को जींद पहुंच गया और जींद से उसने एक ऑटो कर लिया, जिसने उसे टोहाना स्थित अपने घर पर पहुंचा दिया। इस बीच उसके आने की सूचना स्वास्थ्य विभाग की टीम को लग गई जिसके बाद एक विशेष टीम ने उसके परिवार के सभी पांचों सदस्यों के सैंपल लेकर सभी को क्वारंटीन कर दिया। अब सोमवार को व्यक्ति की खुद की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि परिवार के अन्य चार सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। व्यक्ति के कोरोना संक्रमित पाए जाने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की विशेष एंबुलेंस से उसे अग्रोहा मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया।
पीड़ित व्यक्ति मूल रूप से गुजरात का रहने वाला है और पिछले लंबे समय से टोहाना में रहकर पुराने कपड़ों के बदले बर्तन देने का काम करता है। उसके परिवार में उसकी मां, पत्नी और तीन बच्चे शामिल हैं। एसएमओ डॉ. हरविंद्र सागु ने व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने की पुष्टि की है।
दिल्ली जाने से पहले झुग्गी-झोपड़ियों में बांटा था राशन
जाखल। दिल्ली में अपने घर पर परिजनों से मिलकर व एक औपचारिक बैठक में भाग लेकर जाखल लौटे रेलवे सुरक्षाबल थाना प्रभारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 51 वर्षीय इंस्पेक्टर के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है। करीब एक सप्ताह तक दिल्ली में रहने के बाद वो 28 मई को ही दिल्ली से लौटे थे।
इंस्पेक्टर का कहना है कि दिल्ली से लौटने के बाद उन्हें गले में खराश महसूस हुई थी। दिक्कत की बात ये है कि जाखल लौटने के बाद भी उन्होंने रेलवे स्टेशन स्थित अपने कार्यालय से संबंधित कर्मचारियों के साथ बैठक की थी। जिसके अगले दिन उन्होंने जाखल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सैंपल दिया। जिसकी सोमवार को रिपोर्ट आने पर उन्हें कोरोना संक्रमित पाया गया। रिपोर्ट पॉजिटिव मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इंस्पेक्टर के रेलवे कॉलोनी स्थित कवार्टर पर पहुंच कर उन्हें अग्रोहा मेडिकल अस्पताल में ले जाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से इंस्पेक्टर द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर उसके संपर्क में आए सभी लोगों की पहचान कर उनकी जांच किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, प्रशासन की ओर से जाखल मंडी की ओर स्थित रेलवे कॉलोनी के तमाम क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाकर सभी लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है। जबकि नपा की ओर से पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज भी कर दिया गया है। रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी लॉकडाउन के दौरान कार्यालय के अधीन आने वाले धमतान साहिब से लेकर कटार सिंह वाला रेलवे स्टेशन तक कई जगहों पर लोगों को राशन मुहैया कराते रहे। अंतिम बार उन्होंने 21 मई को जाखल की झुग्गी-झोपड़ियों में ही राशन वितरण का काम किया था, जिसके बाद से वह दिल्ली चले गए थे।
नपा कार्यालय में बनाएंगे कंट्रोल रूम
नायब तहसीलदार एवं ऑन ड्यूटी मजिस्ट्रेट रामचंद्र ने बताया कि वार्ड 11 के जाखल मंडी दिशा की ओर बनी रेलवे कॉलोनी को कंटेनमेंट जोन बनाया जा रहा है। किसी भी व्यक्ति को अपने घरों से बाहर आने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें उनकी जरूरत की तमाम जरूरी वस्तुएं उनके घर पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए नपा कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। लोगों को नपा कार्यालय के कंट्रोल रूम में सूचित करना होगा। जहां से उन्हें जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। जाखल मंडी के साथ लगती रेलवे कॉलोनी में पाए गए कोरोना संक्रमित मरीज पर नपा ने तुरंत पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज करवाया है। वहीं इसके साथ लगते रेलवे रोड के बाजार को दोनों ओर से बंद करवा दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें