अपनी मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन देते मजदूर। संवाद
टोहाना। सेंट्रल वेयर हाउस में कार्यरत पल्लेदारों ने मजदूरी दरें बढ़ाने की मांग को लेकर मंगलवार को लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया। एफसीआई वर्कर पल्लेदार यूनियन टोहाना के बैनर तले करीब 200 मजदूर हाथों में लाल झंडे और बैनर लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए एसडीएम आकाश शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
यूनियन प्रधान बीरा राम ने बताया कि उनकी यूनियन में करीब 200 पल्लेदार हैं, जो लंबे समय से एफसीआई गोदामों के साथ-साथ सेंटर वेयर हाउस में अनाज की स्टैकिंग, लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य कर रहे हैं। हाल ही में सेंटर वेयर हाउस के लेबर कार्य का टेंडर एचएस लेबर कंपनी को अलॉट किया गया है।
प्रधान का आरोप है कि कंपनी उन्हें आज भी महज 4 रुपये प्रति बैग के हिसाब से मजदूरी दी जा रही है जबकि महंगाई कई गुना बढ़ चुकी है। मजदूर 20-25 फुट ऊंचे स्टैक लगाते हैं जिसका कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं किया जाता। मजदूरों ने बताया कि उन्होंने ठेकेदार से 2026-27 के लिए मजदूरी में कम से कम 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी की मांग की थी लेकिन ठेकेदार ने बातचीत करने से भी इन्कार कर दिया।
मजदूरों ने 31 अगस्त से सेंटर वेयर हाउस में धरना शुरू कर काम पूरी तरह बंद कर दिया है। मंगलवार को एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में मजदूरों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन नई मजदूरी दरें तय कराए और ठेकेदार को बातचीत के लिए बाध्य करे। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सहमति नहीं बनी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।