फतेहाबाद। रतिया चुंगी क्षेत्र में प्रस्तावित नए पावर हाउस का निर्माण जमीन नहीं मिलने से अटक गया है। बिजली निगम ने जगह की मांग की थी। अभी तक उपयुक्त जमीन उपलब्ध नहीं हो सकी है। अधिकारियों ने जमीन की तलाश तेज कर दी है।
निगम के अनुसार रतिया चुंगी क्षेत्र में नया पावर हाउस बनने से शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी। इससे उपभोक्ताओं और किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में सिटी सब-डिवीजन पर ट्यूबवेलों का अतिरिक्त लोड है। गर्मी में ट्यूबवेलों के संचालन के साथ घरेलू और व्यावसायिक बिजली खपत भी बढ़ जाती है। इससे बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ता है।
अधिकारियों के अनुसार नया पावर हाउस बनने से बिजली लोड का बेहतर बंटवारा हो सकेगा। इससे आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखने में मदद मिलेगी। मौजूदा व्यवस्था में अधिक लोड के कारण कर्मचारियों पर भी काम का दबाव बढ़ता है।
बिजली निगम की ओर से क्षेत्र में सरकारी जमीन सहित अन्य उपयुक्त स्थान तलाशे जा रहे हैं। जमीन उपलब्ध होने के बाद पावर हाउस निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
करीब 10 हजार बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
प्रस्तावित पावर हाउस का निर्माण होने के बाद ट्यूबवेलों के लोड को सिटी सब-डिवीजन से अलग किया जा सकेगा। इससे सिटी सब-डिवीजन के बिजली फीडरों पर लोड कम होगा और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। लोड कम होने से ओवरलोडिंग की समस्या में भी कमी आने की संभावना है। इसका सीधा लाभ शहर के बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा।
बिजली आपूर्ति में होगा सुधार
वहीं सिटी सब-डिवीजन में तैनात कर्मचारियों को भी अतिरिक्त लोड और बार-बार आने वाली तकनीकी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि नया पावर हाउस बनने के बाद बिजली वितरण व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा और फाल्ट की स्थिति में प्रभावित क्षेत्र को सीमित रखने में भी मदद मिलेगी।
-
:: नया पावर हाऊस बनने से बिजली निगम व रतिया क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी। इसके लिए निगम की ओर से जमीन की तलाश की जा रही है। जमीन मिलते ही एस्टीमेट बनाकर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- देवीराम जेई, बिजली निगम, फतेहाबाद।