फतेहाबाद। धान की सरकारी खरीद में देरी से नाराज किसानों ने शुक्रवार को अनाज मंडी के गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। इसके बाद हैफेड ने खरीद शुरू की तो धान में नमी की जांच पर किसान और एजेंसी आमने-सामने हो गए। पहले दिन
दो मशीनों में नमी की मात्रा में छह प्रतिशत का अंतर मिलने पर विवाद हुआ। बाद में मार्केट कमेटी की मशीन से जांच कर खरीद करने पर सहमति बनी। उल्लेखनीय है कि पिछले पांच दिन से मंडी में धान की आवक हो रही थी लेकिन मेरा फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर सत्यापन अधूरा रहने से खरीद शुरू नहीं हो पाई थी।
प्रदर्शन के दौरान इनेलो नेत्री सुनैना चौटाला किसानों के धरने पर पहुंचीं। उन्होंने किसानों की समस्याएं जानीं और एसडीएम राजेश कुमार के माध्यम से खरीद शुरू करवाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। उन्होंने मार्केट कमेटी सचिव अमित रोहिल्ला से भी मुलाकात की। सुनैना ने किसानों की फसल समय पर खरीदने और उन्हें अनावश्यक परेशानी से बचाने की मांग की।
जिले की मंडियों में अब तक 92,807.6 क्विंटल धान की आवक हुई है। करीब 4500 किसानों के गेट पास कटे हैं। फतेहाबाद मंडी में खाद्य आपूर्ति विभाग सोमवार और वीरवार, हैफेड मंगलवार और शुक्रवार तथा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन बुधवार और शनिवार को खरीद करेगा।
फसल में नमी की जांच पर आमने-सामने हुए किसान और हैफेड
खरीद शुरू होने के बाद हैफेड के डीएम मांगेराम ने एजेंसी की नमी मापक मशीन से धान की जांच करवाई। मशीन में नमी 23 प्रतिशत दर्ज हुई। किसान इस रिपोर्ट से सहमत नहीं हुए। इसके बाद मार्केट कमेटी की मशीन से उसी धान की जांच करवाई गई। इसमें नमी 17 प्रतिशत मिली। दोनों मशीनों की रिपोर्ट में छह प्रतिशत का अंतर आने पर किसानों ने हैफेड की मशीन से खरीद करवाने से मना कर दिया।
मार्केट कमेटी की मशीन से खरीद पर बनी सहमति
मौके पर मौजूद जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक कुशल बूरा और हैफेड के डीएम ने मार्केट कमेटी की मशीन से जांच कर खरीद करने पर सहमति जताई। इसके बाद किसान की फसल खरीदी गई। खरीद शुरू होने से किसान ने राहत की सांस ली। हालांकि कई किसानों को तीन से चार दिन तक खरीद का इंतजार करना पड़ा।
-
पिछले आठ दिनों से अनाज मंडी में धान की खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहा था। शुक्रवार को मेरी धान की फसल एमएसपी पर 2461 रुपये प्रति क्विंटल पर बिकी है। मेरी फसल में नमी की मात्रा 15 फीसदी आई है। उम्मीद है कि जल्द ही तुलवाई भी हो जाएगी।
- रामचंद्र किसान, गांव भोडिया खेड़ा।
-
मेरी धान की फसल में नमी की मात्रा 17 फीसदी है। मैं तीन दिनों से अनाजमंडी में धान की खरीद होने का इंतजार कर रहा हूं। मुझे अब एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) का भाव मिला है। अब मैं आराम से घर जा सकूंगा।
- राममूर्ति किसान, गांव अकांवाली।
:: हैफेड खरीद एजेंसी की ओर से धान की खरीद हुई है। किसानों को अब किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी। सभी खरीद एजेंसियां अपने निर्धारित दिन के अनुसार खरीद करेगी।
- कुशलपाल बूरा, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक, फतेहाबाद।
नई अनाजमंडी के गेट को ताला लगाकर प्रदर्शन करते किसान। संवाद