फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: अनाजमंडी में धान की आवक तेज, खरीद सुस्त, आठ दिन से मंडियों में फसल लेकर बैठे किसान

Fri, 09 Oct 2026 11:18 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
नई अनाजमंडी में सुस्त खरीद से धान की फसल से अटी अनाजमंडी। संवाद
विज्ञापन
फतेहाबाद। शहर की अनाजमंडी में धान की आवक में तेजी आने के साथ ही मंडियों में फसल का ढेर लगना शुरू हो गया है लेकिन सरकारी खरीद की सुस्त रफ्तार किसानों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। शुक्रवार को मंडी में 1,11,860 क्विंटल धान की आवक हुई।
विज्ञापन

अब तक कुल आवक 5,60,790 क्विंटल तक पहुंच चुकी है, जबकि इसके मुकाबले खरीद 1,27,220 क्विंटल है। किसानों ने खरीद व उठान प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है। किसानों ने बताया कि वे आठ दिन से मंडी में धान लेकर बैठे हैं लेकिन सरकारी खरीदार उनकी फसल खरीदने के लिए नहीं पहुंच रहे।
फसल में नमी की मात्रा 15 फीसदी से भी कम होने के बावजूद धान की बिक्री नहीं हो पा रही है। किसानों को धान बेचने के बाद फसल अवशेष व रबी की फसल की बुवाई के लिए खेत को भी तैयार करना है। किसानों को मंडियों में इंतजार के साथ आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन


खरीद के मुकाबले उठान की रफ्तार धीमी
अनाजमंडी में धान की खरीद शुरू होने के बावजूद उठान धीमा है। अब तक खरीदे गए 1,27,220 क्विंटल धान में से केवल 9,100 क्विंटल का ही उठान हुआ है। ऐसे में मंडियों में पहले से खरीदी गई फसल के ढेर लगे हुए हैं। दूसरी ओर लगातार बढ़ रही आवक के कारण मंडियों में जगह की कमी होने लगी है। यदि खरीद और उठान की रफ्तार में तेजी नहीं आई तो आने वाले दिनों में किसानों को अपनी फसल मंडियों में उतारने के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।


150 पंजीकृत राइस मिलों में से 70 को अलॉटमेंट
जिले में धान की खरीद प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं के बीच राइस मिलर्स की गैरमौजूदगी रही है। जिले में कुल 150 राइस मिल पंजीकृत हैं जिनमें से 70 को अलॉटमेंट किया गया है। इसके बावजूद मिलर्स अनाजमंडी में बोली के दौरान नहीं पहुंच रहे हैं। इससे धान की खरीद प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

एक सप्ताह से अनाजमंडी में धान की सरकारी खरीद के इंतजार में हूं। खरीद एजेंसियां और खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को खरीद में तेजी लानी चाहिए, ताकि मंडियों में धान की खरीद नियमित रूप से हो सके।
- मेवा सिंह, गांव खासा महाजन।

वीरवार सुबह से अनाजमंडी में सरकारी बोली का इंतजार कर रहा हूं। अभी तक कोई भी सरकारी खरीदार मेरे पास नहीं पहुंचा है। निजी व्यापारियों ने मेरी फसल का भाव 2100 रुपये प्रति क्विंटल लगाया है।
- रामेश्वर, गांव बनगांव।

अनाजमंडी में पहुंचने के बाद अभी कोई खरीदार ढेरी के पास नहीं पहुंचा है। अगर फसल बिक जाती है तो मुझे गेहूं व सरसों की बिजाई के लिए खेत को तैयार करना है।
- भूप सिंह, गांव बनगांव।

:: अनाजमंडी में धान की खरीद जारी है। बारी-बारी से खरीद एजेंसियां खरीद करने पहुंच रही है। वहीं, उठान भी शुरू कर दिया गया है। जल्द भुगतान भी शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन

- अमित रोहिल्ला, सचिव मार्केट कमेटी, फतेहाबाद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें