शहर की सड़कों पर चलती धान की बोरियों से भरी ट्राली। संवाद
फतेहाबाद। शहर की सड़कों पर इन दिनों ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां काफी संख्या में चल रही है। ये न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रही हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें धान की बोरियां लोड हो रही हैं। धान के उठान को लेकर सरकार की ओर से उठान एजेंसी या मिल संचालकों की ओर से इन वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
सरकार की ओर से उठान के लिए एजेंसियों को दिए गए टेंडर की ठेकेदार धज्जियां उड़ा रहे हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मुख्य रूप से कृषि कार्यों के लिए बनाया गया है, लेकिन जिले में इनका उपयोग धड़ल्ले से व्यावसायिक परिवहन के लिए किया जा रहा है। ट्रॉली की ऊंचाई से काफी ऊपर तक बोरियों रखी जा रही हैं, जिससे इनका संतुलन बिगड़कर सामग्री गिरने का खतरा बना रहता है। सड़क पर चलते हुए, ये ओवरलोड ट्रॉलियां पीछे से आने वाले वाहनों के लिए बड़ा खतरा पैदा करती हैं।
-
उठान में तेजी लाने के चक्कर में ओवरलोड हो रहे वाहन
जिले की दोनों अनाज मंडी में उठान जल्दी हो इसके लिए ठेकेदार हर उस वाहन को ओवरलोड कर रहे हैं, जिससे उठान जल्दी हो सके। ठेकेदार छोटे से बड़े सभी ट्रकों सहित ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को ओवरलोड कर रहे है, ताकि कागजों के हिसाब से धरातल पर भी उठान हो सके।
-
टीमें लगातार ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई कर रही है, राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य मार्गों पर चल रहे ओवरलोड वाहनों के चालान किए जा रहे हैं।
- जय सिंह, यातायात पुलिस प्रभारी फतेहाबाद।