फतेहाबाद के डीसी कार्यालय के बाहर पड़ाव डालकर बैठे किसान।
फतेहाबाद। नहरबंदी के शेड्यूल में बदलाव और फसल खराबे के मुआवजे के लिए आर-पार की लड़ाई के मूड में आए किसानों ने लघु सचिवालय के बाहर ही चूल्हा-चौका जमा लिया है। धरनास्थल पर चूल्हे जलाकर भोजन बनाया जा रहा है और किसानों ने इस बार दिवाली भी यहीं मनाने का एलान किया है।
बुधवार को दूसरे दिन भी धरने पर बैठे किसानों ने चेतावनी दी कि त्योहार के बाद सरकार को जगाने के लिए चंडीगढ़ कूच करेंगे। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संगठन की अगुवाई में चल रहे आंदोलन को सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया ने भी समर्थन दिया। वे बुधवार को किसानों के बीच पहुंचे।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान ने कहा कि सिंचाई विभाग के नए शेड्यूल के तहत किसानों को एक सप्ताह नहरी पानी मिलेगा जबकि तीन सप्ताह नहरबंदी रहेगी। पहले दो सप्ताह पानी और दो सप्ताह नहरबंदी का शेड्यूल था। उन्होंने कहा कि इस समय किसानों को गेहूं की बिजाई करनी है। ऐसे में नहरी पानी की कटौती से सिंचाई का संकट खड़ा होगा।
किसानों की मांग है कि पहले की तरह दो सप्ताह पानी और दो सप्ताह नहरबंदी का शेड्यूल लागू किया जाए। ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।