फतेहाबाद। धनतेरस, दिवाली पर्व को लेकर शहर में अच्छे कारोबार की उम्मीद है और चहल-पहल बढ़ेगी। यातायात पुलिस ने व्यवस्था संभालने के लिए शहर फतेहाबाद के थाना रोड पर मल्टीपर्पस पार्किंग के सामने और जवाहर चौक में थाना रोड की तरफ से बैरिकेड्स लगाए हैं और सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी है लेकिन हालात ये है कि शहर के धर्मशाला रोड से संन्यास आश्रम रोड की तरफ से वाहन मुख्य बाजार थाना रोड पर एंट्री कर रहे हैं।
चार मरला कॉलोनी में भी वाहन हिसार-सिरसा रोड से वाहन आ रहे हैं और थाना रोड पर पहुंच रहे हैं। ऐसे में थाना रोड और जवाहर चौक में नाके लगाकर बड़े वाहनों की एंट्री के दावे फेल साबित हो रहे हैं। एसएचओ ट्रैफिक थाना जयसिंह का कहना है कि 16 और 17 तारीख को संन्यास आश्रम रोड से एंट्री बंद की जाएगी।
-
थाना रोड पर है बर्तन से लेकर कपड़ों की दुकानें
शहर के थाना रोड पर ही मुख्य रूप से कपड़ों, बर्तन, ज्वेर्ल्स की दुकानें है। त्योहार के दौरान सबसे ज्यादा खरीददारी यहीं रहती है। इसके अलावा चार मरला कॉलोनी में रेडिमेड कपड़ों की दुकानें ज्यादा हैं।
-
यह बनाई गई है व्यवस्था
पुलिस विभाग के अधिकारियों मुताबिक जिले के मुख्य कस्बों व प्रवेश मार्गों पर 13 नाके, 17 चेकिंग प्वाइंटस, 7 अंतरराज्यीय नाके तथा 9 अंतर जिला नाके स्थापित किए गए हैं। इन स्थानों पर प्रशिक्षित पुलिस बल तैनात रहेगा जो संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की कड़ी जांच करेगा। धार्मिक स्थलों, मेलों और भीड़-भाड़ वाले बाजारों में सादी वर्दी में पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी और महिला पुलिस की गश्त को बढ़ाया गया है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स की भी तैनाती की गई है।
-
तहेबाजारी पर अभ्ज्ञी संशय :
नगर परिषद की तरफ से अभी तक ये तय नहीं किया गया है कि तहेबाजारी (अस्थायी दुकान लगाने के लिए वसूली जाने वाली राशि) ली जाएगी या नहीं। पिछले दो सालों से नगर परिषद प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची की तरफ से तहेबाजारी न लेने को लेकर निर्देश दिए जाते रहे है। नगर परिषद दुकानों के बाहर और फुटपाथ पर लगने वाली स्टॉलों के संचालकों से तहेबाजारी लेता है।
-
संन्यास आश्रम रोड की तरफ से वाहन आ रहे है। रिहायशी क्षेत्र होने के कारण दिक्कत आ रही है। 16 अक्तूबर को वहां भी बैरिकेड्स लगा दिए जाएंगे ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे।
जय सिंह, प्रभारी यातायात थाना
-
सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी और गश्त बढ़ाएं। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 88140-11741 या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर तत्काल सूचना दें। फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और आपात सेवाएं 24 घंटे अलर्ट मोड में रहेंगी।
सिद्धात जैन, पुलिस अधीक्षक
-