फतेहाबाद। नगर निकाय द्वारा मौजूदा गृहकर पर दी गई 15 फीसदी छूट का फायदा लेने के लिए प्रॉपर्टी मालिक गंभीर नहीं हैं। यहां तक डोर-टू-डोर स्वयं सत्यापित करवाने के लिए जा रही नगर परिषद की टीमों के साथ भी आनाकानी कर रहे थे। इसके चलते जिले में सिर्फ 12.91 फीसदी प्रॉपर्टी ही स्वयं सत्यापित हुई है। जबकि छूट का फायदा लेने के लिए पांच दिन रह गए हैं। इसके बाद 15 फीसदी छूट मौजूदा गृहकर में और बकाया में ब्याज पर 100 फीसदी छूट का फायदा नहीं मिलेगा।
अहम बात यह है कि टीमें डोर-टू-डोर और वार्ड में कैंप लगाकर ऑनलाइन स्वयं सत्यापित करवा रहे थे लेकिन प्रॉपर्टी मालिक खुद की प्रॉपर्टी आईडी परिवार पहचान पत्र से लिंक करके और पूरा ब्यौरा स्वयं सत्यापित करना नहीं चाहते है। फिलहाल आचार संहिता के चलते नगर निकाय ने डोर-टू-डोर अभियान और कैंप बंद कर दिए है। फतेहाबाद में 15.58 फीसदी, भूना में 7 फीसदी, जाखल में 27.50 फीसदी, रतिया में 7.58 फीसदी, टोहाना में 13.81 फीसदी प्रॉपर्टी ही स्वयं सत्यापित हुई है।
ये है जिले के पांच शहरों की स्थिति
शहर कुल प्रॉपर्टी स्वयं सत्यापित
भूना 11402 763
फतेहाबाद 30050 4684
जाखल 4639 1276
रतिया 19059 1445
टोहाना 27605 3813
कुल 92755 11981
औद्योगिक, कमर्शियल प्रॉपर्टी आईडी भी करनी है स्वयं सत्यापित
प्रॉपर्टी आईडी को लेकर यूएलबी ने याशी कंपनी से सर्वे करवाया था। सर्वे के बाद आईडी में खामियां मिली थी। इसको लेकर करीब डेढ़ साल तक नगर परिषद ने कैंप लगाकर प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने का अभियान चलाया। यूएलबी अब मालिकों से सत्यापित करवा रहा है कि उनकी प्रॉपर्टी में जा आंकड़ा दिया गया है वह ठीक है। औद्योगिक, कमर्शियल, रिहायशी और यहां तक कि खाली प्लॉट की प्रॉपर्टी आईडी को भी सत्यापित किया जा रहा है। इसके अलावा परिवार पहचान पत्र से अगर कोई प्रॉपर्टी लिंक नहीं हुई है तो उसे भी किया जा रहा है।
20 करोड़ है गृहकर बकाया
शहर में करीब 30 हजार प्रॉपर्टी है। इसमें निजी के अलावा सरकारी प्रॉपर्टी भी शामिल है। करीब 20 करोड़ रुपये गृहकर बकाया है। नगर परिषद ने वर्ष 2023-24 में गृहकर की रिकवरी का 4 करोड़ का लक्ष्य रखा था। जनवरी माह तक 1.90 करोड़ की रिकवरी हुई है। इसके अलावा करीब 38 लाख मार्च तक और रिकवरी की उम्मीद है। पिछले साल 1.67 करोड़ गृहकर आया था।
कोट
प्रॉपर्टी मालिक पोर्टल पर जाकर खुद अपनी आईडी को स्वयं सत्यापित कर सकते हैं। स्वयं सत्यापित करने पर 15 फीसदी की छूट दी गई है। इसके अलावा बकाया के ब्याज पर 100 फीसदी की छूट है। लोगों से अपील है प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित करके छूट का फायदा उठाएं।
- राजेंद्र सोनी, ईओ, नगर परिषद फतेहाबाद