भूना में शुगर मिल के पास डकैती की योजना बनाते हुए पकड़े गए पांच आरोपी बदमाशों में से एक आरोपी बदमाश ने पुलिस के सामने खुद के दस्तावेज पेश नहीं किए और न ही घर का कोई मोबाइल नंबर दिया। पुलिस ने पांचों आरोपी बदमाश ठरवा निवासी सुनील, भूना निवासी सुनील, नरवाना निवासी अजय, पिरथला निवासी शक्तिमान उर्फ शक्ति, जींद के सिंथला निवासी अशोक को कोर्ट में पेश करके आरोपी अजय को दो दिन के रिमांड पर लिया। इसके अलावा अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने आरोपी अजय से रिमांड के दौरान उसका आधार कार्ड बरामद किया है। आरोपी को वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
अब पुलिस अन्य फरार आरोपी पांच बदमाशों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। इस मामले में सोनू उर्फ बच्ची और उसके गैंग के अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी बाकि है। पकड़े गए आरोपी बदमाशों ने जांडली खुर्द, टोहाना में चंदड कलां और रतिया रोड पर हुई एटीएम लूट प्रयास समेत आठ वारदातों का खुलासा हुआ है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि सोनू उर्फ बच्ची गैंग में शामिल 10 लोग आठ वारदातें कर चुके हैं। जांच अधिकारी कृष्ण का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों को अलग-अलग मामलों में कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट पर लिया जाएगा।