फतेहाबाद। गांव झलनियां के पास कार पेड़ से टकराने से 20 साल का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में लाया गया, जहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। सिविल अस्पताल फतेहाबाद में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक युवक अपने मौसेरे भाई को छोड़कर वापस लौट रहा था।
खानमोहम्मद निवासी 20 वर्षीय अजय पुत्र रामस्वरूप अपने मौसेरे भाई को छोड़ने के लिए कार से गांव मल्लड़ में गया हुआ था। बताया जा रहा है कि अजय मल्लड़ गांव में छोड़कर वापस गांव की ओर आ रहा था। ढाणी छतरियां के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद बुरी तरह से घायल हुए युवक को फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में लाया गया, जहां पर अजय ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
एक दिन पहले खुशियां, अब छाया मातम
गांव खानमोहम्मद निवासी अजय के ताऊ की लड़की की सोमवार को शादी थी। इस शादी समारोह में भाग लेने के लिए मल्लड़ से कमल आया हुआ था। बस सेवा सुबह बहाल न होने के कारण अजय कार पर अपने मौसेरे भाई को छोड़ने मल्लड़ गांव में गया और वापस लौटते समय हादसा हो गया। इस हादसे के बाद अजय के घर पर मातम छा गया।