संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। आखिरकार दो सालों के बाद शहर के मुख्य रोड पर स्थित बस स्टॉपेज पर यात्रियों की सुविधा के लिए नगर परिषद बस क्यू शेल्टर बनवाने जा रही है। नगर परिषद के अधिकारियों के द्वारा शहर में बनवाए जा रहे बस क्यू शेल्टर हिसार की तर्ज पर बनाए जाएंगे।
बस क्यू शेल्टर को लेकर नगर परिषद ने टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बस क्यू शेल्टर मुख्य रोड, जहां पर बसें रुकती हैं वहीं पर बनाए जाएंगे। शहर में बनने वाले बस क्यू शेल्टर पर करीब 48 लाख रुपये की लागत आएगी। शहर में काफी समय से बस क्यू शेल्टर टूटे होने के कारण लाेगों को काफी परेशानी होती है। शहर के पुराना बस स्टैंड व भूना मोड़ कैंची पर बस क्यू शेल्टर नहीं है। वहीं शहर के भट्टू रोड पर बस क्यू शेल्टर तो बना हुआ है, लेकिन उसकी छत टूटी हुई है। इस कारण लोगों को इस बस क्यू शेल्टर का कोई लाभ नहीं मिल रहा। काफी समय से लोगों की मांग थी कि शहर में जहां भी सवारियाें के लिए बस स्टॉपेज बने हुए हैं, वहां पर बस क्यू शेल्टर बनाए जाए।
यहां बनाए जाएंगे बस क्यू शेल्टर
- पुराना बस स्टैंड
- जाट धर्मशाला के पास बना पुराना बस स्टैंड
- भट्टू रोड बस स्टैंड
- भूना मोड़ कैंची
- बीघड़ रोड बस स्टैंड
-
पिछले कार्यकाल में बने थे बस क्यू शेल्टर
- नगर परिषद के पिछले कार्यकाल में शहर में विभिन्न जगहों पर बस क्यू शेल्टर लगाए गए थे, जिसके बाद अब शहर में लोगों की सुविधा के लिए बस क्यू शेल्टर के निर्माण को लेकर टेंडर लगाया गया है। शहर के भट्टू रोड पर बस क्यू शेल्टर की छत पिछले काफी समय से टूट गई थी। इस कारण लोगों को काफी दिक्कत होती थी। बस का इंतजार करने वाले लोगों की सुविधा के लिए मुख्य रोड पर बस क्यू शेल्टर लगाए जाएंगे।
नगर परिषद के द्वारा क्षेत्र में पांच बस क्यू शेल्टर लगाए जाएंगे। इसको लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
- संजय बिश्नोई, जिला नगर आयुक्त, फतेहाबाद।