भट्टू कलां उप तहसील के सामने धरने पर बैठे किसानों से बातचीत करते टीम में शामिल सदस्य।
भट्टू कलां। भट्टू कलां में सेम समस्या के हल की मांग को लेकर चल रहे धरने के 37वें दिन बुधवार को उपायुक्त कार्यालय से गठित टीम पहुंची। इस टीम में शामिल भूमि संरक्षण विभाग के एसीएसओ बिजेंद्र सिंह, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता मंदीप सिंह, भट्टू के नायब तहसीलदार बलराम जाखड़ धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों से मिले। उन्होंने बताया कि उपायुक्त अजय सिंह तोमर के आदेशानुसार सेम ग्रस्त क्षेत्र का उन्होंने दौरा किया है।
एसीएसओ बिजेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर जावेद खान, सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता व अन्य अफसरों द्वारा गांव ठुईयां, पीलीमंदोरी व ढाबी कलां से पूरा मैप तैयार कर यहां सेम समस्या के निदान को लेकर प्रोजेक्ट लगाने की प्रक्रिया को गति प्रदान की गई है। इसमें कुछ समय लग सकता है। मगर समस्या के समाधान के लिए सरकार पूरी तरह से गंभीर है। उन्होंने आह्वान किया कि क्षेत्रवासी धैर्य रखें, इसका जल्द ही निपटान होगा। धरने की अध्यक्षता कर रहे किसान नेता कमल बिसला ने कहा कि वे सरकार द्वारा गठित कमेटी का हरसंभव साथ देने के लिए तैयार है। मगर जब तक प्रोजेक्ट लगने का काम शुरू नहीं होता, तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। सेम ग्रस्त क्षेत्र के ग्रामीणों के हालात बद से बदतर हैं, सरकार को उनकी सुध लेनी चाहिए। इस धरने प्रदर्शन को कांग्रेस नेता पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने भी समर्थन दिया। इस मौके पर सरपंच सुरेश ठुइयां, सुखदेव शर्मा ढाबी खुर्द, धर्मवीर गोरछिया पीलीमंदोरी, मोहर सिंह कसवां, कुलविंद्र बैनीवाल, कृष्ण कसवां, ओमप्रकाश लेगा, बृजलाल कड़वासरा, अभय सिंह ज्यानी, भरत सिंह कटेवा, विजय पारीक सहित कई किसान मौजूद रहे।