फतेहाबाद। रन फॉर यूनिटी मैराथन को हरी झंडी दिखाने के लिए मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से शाम साढ़े 5 पुलिस लाइन में उतरे। वहां पर उनका स्वागत पूर्व विधायक दुड़राम, जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा व अन्य ने किया। इसके बाद वे रेस्ट हाउस पहुंचे और अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के बाद वे जिलाध्यक्ष के घर जलपान करने पहुंचे। वहां से वे रात्रि भोजन के लिए हरकोफेड के चेयरमैन वेद के गांव फुलां पहुंचे।
अधिकारियों की बैठक में नायब सिंह सैनी ने कहा कि हिसार घग्गर ड्रेन की चौड़ाई बढ़ाई जाए ताकि जलभराव वाले इलाकों से इसके जरिये पानी निकासी की समस्या का समाधान हो सके। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि ओटू झील पर बहाव के बोझ को कम करने के लिए हिसार से कहीं बीच में वैकल्पिक मार्ग से जल निकासी का प्रस्ताव तैयार किया जाए।
उन्होंने सिंचाई विभाग को यह भी निर्देश दिए कि जिन गांवों से यह ड्रेन होकर गुजरती है, वहां इसे पक्का (कंक्रीट लाइनिंग) करने की संभावनाएं तलाशें ताकि मिट्टी कटाव और अवरोध की स्थिति न बने। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां-जहां जलभराव की स्थिति अभी बनी हुई है, वहां शीघ्र जल निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसान समय पर फसल की बुआई कर सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि लो-लाइन क्षेत्रों को चिह्नित कर भविष्य के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे आगामी वर्षों में वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। फसल क्षति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में हुई बारिश से किसानों की फसल को हुए नुकसान की वेरिफिकेशन तेजी से पूरी की जाए।
किसानों द्वारा क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपलोड किए गए डेटा की भौतिक जांच कर यह सुनिश्चित करें कि वास्तविक किसान को ही मुआवजा मिले। उन्होंने कहा कि सरकार हर किसान को उसकी क्षति का उचित मुआवजा देगी, लेकिन इसके लिए रिपोर्ट सटीक और पारदर्शी होनी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने मंडियों में धान खरीद कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि जिला के सभी किसानों की फसल की खरीद सुनिश्चित की जाए।
जिन किसानों ने क्षतिपूर्ति पोर्टल पर पंजीकरण कराया है, उनकी वेरिफिकेशन हर स्थिति में पूरी की जानी चाहिए और उसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भिजवाई जाए। बैठक में पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली, एससी आयोग चेयरमैन रविंद्र बलियाला, उपायुक्त डॉ. विवेक भारती, एसपी सिद्धांत जैन, एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम आकाश शर्मा, जीएम रोडवेज मेजर गायत्री अहलावत, एसडीएम राजेश कुमार सहित जिला के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निकायों और अस्पताल निर्माण पर निर्देश
मुख्यमंत्री ने स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वैध घोषित कॉलोनियों में विकास कार्य पूरे कराए जाएं, ताकि शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए शहरी स्वच्छता प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं, जिससे नागरिकों में स्वच्छता के प्रति सहभागिता बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद में निर्माणाधीन 200 बेड के अस्पताल को वर्तमान वित्त वर्ष में ही पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
-
भूना में पानी निकासी प्रपोजल पर समीक्षा
मुख्यमंत्री ने भुना शहर में जल निकासी प्रपोजल की समीक्षा करते हुए कहा कि नगर पालिका द्वारा अग्रसेन चौक से ड्रेन तक तैयार किए गए प्रस्ताव की व्यवहारिकता जांची जाए और जल्द कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पहले से मंजूर प्रोजेक्ट 10 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से रंगोई तक पाइप लाइन बिछाने के प्रपोजल को जल्द से जल्द सिरे चढ़ाया जाए, ताकि बरसाती पानी की समस्या का समाधान हो सके।