फतेहाबाद। लोक निर्माण विभाग मुख्य सड़कों पर ब्रेकर बनाने में मनमानी दिखा रहा है। जहां नेताओं का रसूख है वहां पर ब्रेकर बनाए जा रहे हैं लेकिन जहां हादसे हो रहे है और जरूरत है वहां ब्रेकर नहीं है। भट्टू रोड पर ही ब्रेकर बनाने में लोक निर्माण विभाग की तीन जगहों पर लापरवाही है।
भट्टू रोड पर लालबत्ती चौक से लेकर 132 केवी सब स्टेशन तक लोक निर्माण विभाग ने सड़क के दोनों तरफ चार ब्रेकरों का निर्माण करवाया है। इनमें से दो ब्रेकर जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय के पास पूर्व विधायक दुडाराम के प्रतिष्ठान के सामने बनाए गए हैं। यहां पर जरूरत कम है। दूसरा ब्रेकर हंस कॉलोनी मोड़ से पहले लोक निर्माण विभाग ने बनवाए हैं।
यहां बनाए गए ब्रेकरों पर निशान तक नहीं लगे है और दूसरा ऊंचाई ज्यादा होने से झटके लग रहे हैं। भट्टू रोड मिनी बाईपास चौक पर ब्रेकर नहीं है इसके अलावा स्पीड को कम करने के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं की गई है। यहां पर हर दूसरे दिन हादसे हो रहे हैं। हाल ही में स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में तीन कारें आपस में भिड़ चुकी हैं।
-
भट्टू रोड पर 10 से ज्यादा अवैध कट
शहर के भट्टू रोड पर 10 से ज्यादा अवैध कट हैं। रोड के निर्माण से पहले सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मुद्दा उठने पर चार साल पहले अवैध कट बंद किए गए थे लेकिन सड़क निर्माण के दौरान इन्हें फिर से खोल दिया है। यही नहीं भट्टू रोड पर पिछले करीब दो माह से लाइटें भी बंद हैं।
-
जल्द ही सड़क सुरक्षा के बारे में अधिकारियों के साथ बैठक होने वाली है। इस बैठक में अवैध कट और ब्रेकर के बारे में मुद्दा रखा जाएगा।
- सुखदेव सिंह, अध्यक्ष, आरएसओ
-
जानिये... क्या कहा विशेषज्ञ ने
नगर परिषद के सेवानिवृत्त जेई सुखविंद्र सिंह धूड़िया ने बताया कि ब्रेकर लंबे होने चाहिए और ऐसे होने चाहिए जिससे झटका न लग सके। ऊंचाई 6 इंच होनी चाहिए। अगर ज्यादा होगी तो बाइक सवार के गिरने का खतरा बना रहेगा। 100 मीटर से पहले ब्रेकर बने के बारे में संकेतक लगे होने चाहिए।
-
ब्रेकर नियम अनुसार ही बनाए जा रहे हैं। ब्रेकर पर जहां पट्टी नहीं है वहां लगवाई जाएगी। मिनी बाईपास के पास अगर जरूरत है तो मौका देखकर लोगों की मांग पर बनवा दिया जाएगा।
- राजेश कुमार, जेई, लोक निर्माण विभाग