फतेहाबाद में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन देते हुए नर्सिग ऑफिसर स्त्रोत संघ
फतेहाबाद। जिले में नर्सिंग ऑफिसर मंगलवार को सुबह 10 से 12 बजे तक हड़ताल पर रहेंगी। हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया की ओर से कुरुक्षेत्र में निरीक्षण के दौरान नर्सिंग स्टाफ पर उठाए गए सवालों और कथित टिप्पणियों के विरोध में नर्सिंग ऑफिसर्स ने काम छोड़कर दो घंटे की हड़ताल करने का फैसला लिया है।
नर्सिंग ऑफिसर ने सिविल सर्जन कार्यालय में पहुंचकर अधिकारियों को मांग पत्र भी सौंपा। सिविल सर्जन को दिए गए ज्ञापन में नर्सिंग ऑफिसर वेल्फेयर एसोसिएशन के उपप्रधान सुमित्रा, मीडिया प्रभारी रामफल और सदस्यों ने कहा कि बिना जांच पूरी हुए पूरे नर्सिंग कैडर पर मिलीभगत के आरोप लगाना उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। नर्सिंग ऑफिसर ने मांग की कि चेयरपर्सन को मामले में माफी मांगनी चाहिए। ऐसी टिप्पणी और व्यवहार से पूरे नर्सिंग समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है।