भूना। मांगों को लेकर प्रदर्शन करते किसान। किसान सभा
भूना। अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले किसानों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करते हुए किसान तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार को प्रधानमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपा।
प्रदर्शन की अध्यक्षता किसान सभा के जिला उपप्रधान रामस्वरूप ढाणी गोपाल ने की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों और प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील से भारतीय किसान प्रभावित होंगे और कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंच सकता है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका में किसानों को अधिक सब्सिडी मिलती है, जबकि भारत में छोटे किसान सीमित संसाधनों पर निर्भर हैं। रामस्वरूप ढाणी गोपाल ने आशंका जताई कि विदेशी कंपनियां पहले सस्ते उत्पादों से भारतीय बाजार पर कब्जा करेंगी और बाद में दाम बढ़ाकर महंगाई को बढ़ावा देंगी। उन्होंने कहा कि इससे देश की पारंपरिक खेती व्यवस्था कमजोर हो सकती है। प्रदर्शन में मुंशीराम, सोमनाथ, प्रेम सिंह, बलबीर सिंह, ओमप्रकाश, रामभगत ढाणी गोपाल और संतलाल सहित अनेक किसान शामिल रहे।