संवाद न्यूज एजेंसी
जाखल। गांव नड़ेल के एक नंबरदार को बगैर विभागीय अनुमति कनाडा जाने, लंबे समय तक वहीं रहने तथा सरकारी दायित्वों का निर्वहन नहीं करने के मामले में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने पद से बर्खास्त कर दिया है। डीसी ने जांच रिपोर्ट, उपलब्ध अभिलेखों और लिखित जवाब के बाद नंबरदार जगमेल को बर्खास्त करते हुए नायब तहसीलदार को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
गांव नड़ेल निवासी भगवान सिंह ने शिकायत दी थी कि नंबरदार जगमेल सिंह नवंबर 2024 में अपने पुत्र के पास कनाडा चले गए थे। वहां वह लंबे समय तक विदेश में रहने के बावजूद नंबरदार के पद पर बने रहे। इस दौरान वो सरकारी दायित्वों का निर्वहन नहीं कर रहे थे जबकि उनके खाते में सरकारी मानदेय भी आता रहा। इस पर मामले की जांच टोहाना के उपमंडल अधिकारी को सौंपी गई।
उपमंडल अधिकारी ने अपनी जांच में आरोप सही पाएं गए। जिसके बाद प्रशासन ने नंबरदार जगमेल सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा। जिसमें जगमेल सिंह ने स्वीकार किया कि वो पुत्र की बीमारी के कारण जल्दबाजी में कनाडा गए थे और पूर्व अनुमति नहीं ले सके।
इसके साथ उन्होंने यह भी बताया कि अनुपस्थिति के दौरान प्राप्त सरकारी मानदेय सरकारी खजाने में वापस जमा करा दिया है लेकिन उपमंडल अधिकारी ने अपनी जांच रिपोर्ट में इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही दर्शाया है। रिपोर्ट में कहा गया कि मानदेय वापस जमा कराने से नियमों के उल्लंघन की गंभीरता समाप्त नहीं होती।