फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में पार्किंग को लेकर सिस्टम सुधारा जा रहा है। अब मरीज या तीमारदार इमरजेंसी के सामने और ओपीडी रजिस्ट्रेशन के पास वाहन खड़ा नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा अस्पताल का स्टाफ भी पार्किंग को लेकर मनमानी नहीं करेगा। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने व्यवस्था बनाई है।
तीमारदारों व मरीजों के अलावा अधिकारी और स्टाफ की अलग-अलग पार्किंग बनाई गई है। मरीजों को मुख्य गेट से एंट्री करते ही खाली जगह पर वाहन खड़े करने होंगे। इसके अलावा स्टाफ के लिए आयुष विभाग के साथ खाली जगह पर पार्किंग बनाई है। नशा मुक्ति केंद्र के साथ अधिकारियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी।
- स्टाफ को जारी होंगे पास
अस्पताल प्रशासन अधिकारियों व कर्मचारियों को पास जारी करेगा। इस पास पर कर्मचारी व उसके वाहन से संबंधित जानकारी दर्ज होगी। पास दिखाकर ही कर्मचारी संबंधित पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकेंगे। इसके अलावा ओपीडी रजिस्ट्रेशन कक्ष की तरफ वाहन न जाएं इसको लेकर बेरिकेड्स लगाए गए हैं।
-अस्पताल में पार्किंग को लेकर व्यवस्था बनाई जा रही है। इमरजेंसी के सामने वाहन खड़ा हो जाते थे, जिससे दिक्कत होती थी। इसको लेकर कर्मचारी भी नियुक्त किया गया है। लोगों की भी जिम्मेदारी है कि वह पार्किंग को लेकर व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।
- डॉ. बुधराम, एसएमओ, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।