फतेहाबाद। शहर की अनाज मंडी में अब सप्ताह में दो दिन जिला खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से खरीद की जाएगी। इसके लिए प्रशासन की ओर से सप्ताह का सोमवार और वीरवार का दिन निर्धारित किया है। जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के खरीद करने से गेहूं की उठान में तेजी आने की उम्मीद है।
इसको लेकर मंडी के आढ़ती मांग कर रहे थे, जिसके बाद वीरवार को खाद्य आपूर्ति विभाग गेहूं की खरीद करेगा। गेहूं की आवक में तेजी आने के बाद बुधवार को जिले की सातों अनाज मंडियों में 6,14,170 क्विंटल गेहूं पहुंचा। इससे अनाज मंडियों की व्यवस्था बिगड़ने लगी है, जिससे अनाज मंडी की सड़कों पर गेहूं की ढेरियां लगनी शुरू हो गई है। इससे मंडी के मजदूरों और आढ़तियों को परेशानी हो रही है। वहीं बुधवार को दिनभर रही बादलवाही ने किसानों की चिंता को बढ़ा दिया। इससे किसानों को मंडियों में खुले में रखे गेहूं के भीगने का डर लगा रहा।
जिले में गेहूं की आवक जोर पकड़ चुकी है। अब तक जिले में गेहूं की कुल आवक 17,62,775 क्विंटल हुई है, वहीं खरीद 10,59,946 क्विंटल हुई है जबकि उठान मात्र 3,35,857 क्विंटल का हुआ है। ऐसे में कुल आवक का लगभग 19 प्रतिशत उठान ही हुआ है। टोहाना, जाखल और धारसूल की अनाज मंडी में उठान शुरू नहीं हुई है। वहीं भूना की अनाज मंडी में 2,42,176 क्विंटल की आवक में से 400 क्विंटल गेहूं की उठान हुई है।
उठान धीमा होने को लेकर व्यापार मंडल के प्रधान जगदीश भादू ने बताया कि मंडियां पूरी तरह से गेहूं की ढेरियों से अट चुकी हैं। मंडी में गेहूं की उठान धीमी है, लेकिन अब जिला खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से गेहूं की खरीद शुरू करने के बाद उठान में तेजी आने की उम्मीद है। फतेहाबाद की अनाजमंडी में रोजाना करीब एक लाख बैगों की उठान जरूरी है। अगर इससे कम उठान होती है तो सड़कों पर गेहूं की ढेरियां लगेंगी।
मंडी-आवक-खरीद ( आंकड़े क्विंटल में )
फतेहाबाद-347679-1,22,822
भट्टू-2,03,587-1,74,258
टोहाना-3,53,091-2,45,760
रतिया-3,82,590-2,86,739
भूना-2,42,176- 1,01,898
जाखल-1,06,587-79,853
धारसूल-1,27,065-48,616
फतेहाबाद की अनाज मंडी में गेहूं की खरीद के लिए जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने सप्ताह के दिन निर्धारित किए हैं। इसके चलते विभाग की ओर से सोमवार और वीरवार को गेहूं की खरीद की जाएगी। गेहूं की खरीद करने के लिए प्रशासन की ओर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
विनीत जैन, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक फतेहाबाद।
: गेहूं की खरीद और उठान का काम जोरों पर है। इससे फतेहाबाद की अनाज मंडी से 2,57,660 क्विंटल गेहूं की उठान हो चुकी है। वहीं मौसम को देखते मंडी आढ़ती में तिरपाल की उचित व्यवस्था करके रखें। ताकि बारिश के कारण गेहूं की फसल को भीगने से बचाया जा सके।
यशपाल मेहता, मार्केट कमेटी सचिव फतेहाबाद।