जाखल। गांव चूहड़पुर में कुछ लोगों ने ग्राम पंचायत की जमीन पर कब्जा कर लिया। ग्राम पंचायत के प्लॉट पर पुन: कब्जा करने के आरोप में पुलिस ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) किन्नी गुप्ता की शिकायत पर दो महिलाओं सहित कुल 13 लोगों पर मामला दर्ज किया है।
जाखल की बीडीपीओ किन्नी ने पुलिस को शिकायत दी। इसमें उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 26 दिसंबर 24 को ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने ग्राम पंचायत चूहड़पुर की मलकियत प्लॉट नंबर 20.21.22 से अवैध कब्जा हटवाकर ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दिया था लेकिन आरोपी बबली कौर, राजेंद्र सिंह, दीपक और अमरीक सिंह ने पुनः कब्जा कर लिया।
उसके बाद टोहाना के उपमंडल अधिकारी और जाखल के बीडीपीओ ने 25 मार्च को मौका मुआयना कर आरोपियों को 10 दिन में कब्जा हटाने के आदेश दिए थे। इसके बावजूद आरोपियों ने कब्जा नहीं हटाया। इसके बाद जाखल की बीडीपीओ, सामाजिक शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी, ग्राम सचिव और सरपंच ने पुलिस बल के साथ तीन अप्रैल को मौके पर पहुंचे।
उन्होंने इन कब्जों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन कब्जाधारकों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध कर सरकारी कार्य में बाधा डाल दी। इसलिए बीडीपीओ किन्नी ने पुलिस को शिकायत दी। इसमें 13 लोगों पर कब्जा हटाने से रोककर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया गया है।
इन आरोपियों में गांव नडेला निवासी रणजीत सिंह, गुरविंदर सिंह, बलविंदर सिंह, तरसेम सिंह, मेवा सिंह, राजेंद्र सिंह, दीपक सिंह, अमरीक सिंह, सुखविंदर सिंह, जरनैल सिंह, बबली कौर पत्नी राजेंद्र सिंह, दयाल कौर पत्नी जरनैल सिंह और गांव चूहड़पुर निवासी जगदीश सिंह शामिल हैं। जाखल थाने के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि जाखल की बीडीपीओ की शिकायत पर दो महिलाओं सहित कुल 13 लोगों के खिलाफ अनेक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।