फतेहाबाद में शहर थानास्त्रोत लाइब्रेरी
फतेहाबाद। जिले में अब थाना व चौकी की कुर्सी पर बैठने के लिए पुलिस कर्मचारियों को अच्छी खासी मेहनत करनी होगी। इसके लिए पहले पुलिसकर्मियों को टेस्ट पास करना होगा। खुद को साबित करना होगा। उसके बाद ही थाना व चौकी प्रभारी की कुर्सी मिल पाएगी।
जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि इसके लिए पहले टेस्ट लिया जाएगा। टेस्ट में जो पुलिसकर्मी अच्छा प्रदर्शन करेंगे, उन कर्मचारियों को थाना व चौकी की कमान दी जाएगी। इसमें कानून की जानकारी अहम रोल अदा करेगी। कुछ दिन पहले ही बीएनएस को लागू किया गया है। कई धाराओं में परिवर्तन हुआ है। ऐसे में टेस्ट पास करने में इन सब का ज्ञान होना जरूरी है। जिले में 12 थाने है। इन थानों के अंतर्गत चौकी अलग है।
-
आमतौर पर यह भी सुनने में आता है कि थाना और चौकी प्रभारी लगाने में कई बार राजनीतिक हस्तक्षेप का इस्तेमाल भी होता है, लेकिन जिला पुलिस अधीक्षक के द्वारा इस नियम के लागू हो जाने के बाद राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं रहेगा। जो पुलिस कर्मचारी काबिल होगा। उसे ही तवज्जो मिलेगी।
-
डीजीपी दे चुके हैं इंस्पेक्टर को ही जिम्मेदारी देने के निर्देश
इससे पहले पुलिस महानिदेशक के द्वारा इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस कर्मचारियों को ही थाना प्रभारी बनाने के आदेश जारी किए गए थे। लेकिन हरियाणा में अभी भी अधिकतर थानों में सब इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस कर्मी प्रभारी लगे हुए है।
-
पुलिसकर्मियों को कानून का ज्ञान होना जरूरी है। इसी के चलते पुलिसकर्मियों का कानून ज्ञान को लेकर टेस्ट लिया जाएगा। टेस्ट के आधार पर ही जिम्मेदारी तय की जाएगी।
- सिद्धांत जैन, पुलिस अधीक्षक