फतेहाबाद। गांव म्योंद कला निवासी व्यक्ति से सस्ते सब्जी मसाले के नाम पर 48 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है। ठगी जस्ट डायल ऑनलाइन प्लेटफार्म का नाम लेकर की गई। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव म्योंद कला निवासी तरणजीत सिंह ने बताया कि उसके पास 26 सितंबर 2024 को उसके पास जस्ट डायल ऑनलाइन प्लेटफार्म से किसी का कॉल आया। उसने कहा कि वह जैन ट्रेडिंग कंपनी से बोल रहा है। वे सब्जी मसालों का होलसेल का काम करते हैं। अगर आपको सब्जी मसालों की आवश्यकता है तो सस्ते दाम पर मिल जाएंगे।
तरणजीत फोन करने वाले व्यक्ति की बातों में आकर मसाले खरीदने की हामी भर दी। कॉल करने वाले ने उसके व्हाट्सएप पर एक स्कैनर भेज दिया, जिस पर उसने 48 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। तरणजीत सिंह ने बताया कि कॉल करने वाले ने उसके पास अपनी कम्पनी की ट्रांसपोर्ट बिल्टी भेज दी। उस बिल्टी को चेक करवाया तो यह पता चला कि वह नकली है। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ।