फतेहाबाद के पालिका बाजार में बोर्ड लगाते हुए पुलिसकर्मी संवाद
फतेहाबाद। शहर में बढ़ती अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के चलते यातायात पुलिस ने वीरवार से नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहन क्रेन की मदद से उठाकर थाने ले जाया जाएंगे और वाहन छुड़वाने के लिए चालक को जुर्माना अदा करना होगा। शहर के मोबाइल मार्केट, पालिका बाजार, थाना रोड और जवाहर चौक में यातायात पुलिस ने नो पार्किंग के बोर्ड भी लगाए हैं।
थाना यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक जय सिंह ने बताया कि मेन मार्केट में कई स्थानों पर बिना निर्धारित पार्किंग के वाहन खड़े होने से राहगीरों, दुकानदारों और आमजन को भारी असुविधा होती थी। आपातकालीन वाहन जैसे एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को मार्ग नहीं मिल पाता था। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्थानों पर नो पार्किंग बोर्ड लगाए गए हैं। यातायात थाना प्रभारी जय सिंह ने कहा कि चालक निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान किया जाएगा। क्रेन की मदद से वाहन उठाकर थाने ले जाया जाएगा और इसका खर्च वाहन मालिक को वहन करना होगा।