रतिया। शहर में डोर टू डोर कचरा उठान के ठेकेदार द्वारा पिछले पांच दिन से काम बंद कर देने के बाद कचरे के ढेर लग गए हैं। ठेकेदार ने कचरा उठाने वाले वाहनों को पिछले पांच दिनों से बुढलाडा रोड स्थित सामुदायिक केंद्र में खड़ा कर रखा है। शहरवासियों के रोष को देखते हुए बुधवार दोपहर बाद नगर पालिका के कर्मचारियों ने ट्रैक्टर ट्राॅली से पिछले 5 दिनों से पड़े कचरे का उठान शुरू कर दिया।
वहीं ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरते जाने के बाद नगर पालिका ने ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी शुरू कर दी है और नगर पालिका सचिव ने बुधवार को ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर कचरा न उठाने का कारण भी बताने को कहा है। पांच दिन से कचरा न उठाने पर लाखों रुपए जुर्माना का नोटिस भी दे दिया है।
लोगों ने बताया कि नगर पालिका के डोर टू डोर ठेकेदार द्वारा पिछले 5 दिनों से न तो घरों से कचरा उठाया जा रहा है और न ही शहर के प्रमुख मार्गों पर बने हुए डंपिंग प्वाइंट से कचरा उठाया जा रहा है। जिस कारण शहर के प्रत्येक वार्ड व सड़कों पर कचरे के ढेर लग गए हैं। बुधवार को अमर उजाला के इस मामले को प्रकाशित करने के बाद जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई व एसडीएम जगदीश चंद्र के निर्देशों के बाद नगर पालिका के कर्मचारियों ने कचरे को उठाना शुरू कर दिया।
जिस कारण कचरे के ढेर कुछ कम भी हुए हैं वही नगर पालिका सचिव शुभम कुमार ने ठेकेदार को कचरा न उठाने पर जुर्माना लगाने और कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। अगर ठेकेदार द्वारा कारण बताओ नोटिस का उचित जवाब नहीं दिया जाता तो उसका खिलाफ आगामी कार्रवाई करने के लिए जिला नगर आयुक्त से मंजूरी ली जाएगी।