बस में सवार होती सवारी। फाइल फोटो
फतेहाबाद। रोडवेज बसों में महिलाओं के लिए आरक्षित सीट अब बीच रास्ते में खाली नहीं कराई जाएगी। रोडवेज ने आरक्षित सीटों की व्यवस्था स्पष्ट करते हुए नए निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार बस जिस स्थान से रवाना होगी, वहीं से महिलाओं के लिए निर्धारित सीटों पर उन्हें बैठाया जाएगा। रास्ते के किसी स्टॉप से बस में चढ़ने वाली महिला यात्री को आरक्षित सीट उपलब्ध कराने के लिए बीच सफर पहले से बैठे यात्री को सीट छोड़ने के लिए नहीं कहा जाएगा।
रोडवेज बसों में महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित रहती हैं। कई बार रास्ते में महिला यात्री के बस में चढ़ने के बाद आरक्षित सीट की मांग करने पर परिचालक और यात्रियों के बीच असमंजस की स्थिति बन जाती थी। कई मामलों में महिला यात्री को आरक्षित सीट देने के लिए पहले से बैठे यात्री को उठाने की स्थिति भी बनती है। नई व्यवस्था में इस तरह की स्थिति से बचने के लिए आरक्षित सीटों का नियम स्पष्ट कर दिया गया है।
मुख्य स्टॉप पर मिलेगी आरक्षित सीट
रोडवेज के यातायात प्रबंधक की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, बस के शुरुआती स्थान से यात्रा के समय ही आरक्षित सीटों पर महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। बस में निर्धारित आरक्षित सीटें पहले से भरी हैं और किसी स्टॉप से महिला यात्री बस में सवार होती है तो उसे सामान्य उपलब्ध सीट पर बैठना होगा। आरक्षित सीट के लिए बीच रास्ते में किसी अन्य यात्री को हटाने की व्यवस्था नहीं रहेगी। रोडवेज परिचालकों को निर्देशों का पालन करने के साथ यात्रियों को नियम की जानकारी देने के लिए कहा गया है। इससे बस में सफर के दौरान सीटों को लेकर होने वाले विवाद कम होने की उम्मीद है।
-
नई व्यवस्था लागू होने के बाद महिलाओं को भी बस में चढ़ते समय आरक्षित सीट की उपलब्धता का ध्यान रखना होगा। परिचालकों की जिम्मेदारी होगी कि वे बस के शुरुआती स्थान पर आरक्षित सीटों की व्यवस्था सुनिश्चित करें और यात्रा के दौरान नियम का पालन कराएं।
- सुरेंद्र सिंह, यातायात प्रबंधक, रोडवेज फतेहाबाद