फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: कैंसर डे केयर में दवा न नर्सिंग ऑफिसर

Tue, 17 Nov 2026 10:47 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
फतेहाबाद के पॉलीक्लीनिक में बनाया गया कैंसर डे केयर संवाद
विज्ञापन
फतेहाबाद। कैंसर मरीजों को जिले में ही कीमोथैरेपी की सुविधा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया कैंसर डे केयर सेंटर खुद बदहाली का शिकार है। जिला मुख्यालय के सेक्टर तीन स्थित पॉलीक्लीनिक में इसी साल फरवरी में शुरू हुए इस सेंटर में न तो कीमोथैरेपी की दवा उपलब्ध है और न ही तैनात नर्सिंग ऑफिसर ड्यूटी पर मौजूद है।
विज्ञापन

स्टाफ को भी डेपुटेशन पर भेज दिया गया है। हालात ऐसे हैं कि सेंटर में रखी व्हीलचेयर तक पर धूल जम चुकी है। मंगलवार को सेंटर की पड़ताल के दौरान बाहर लगा बोर्ड तक नजर नहीं आया। ऐसे में सेंटर के संचालन पर भी सवाल उठ रहे हैं। सेंटर शुरू करने का उद्देश्य कैंसर मरीजों को जिले में ही कीमोथैरेपी की सुविधा उपलब्ध कराना था ताकि उन्हें उपचार के लिए दूसरे शहरों में न जाना पड़े।
दवा और स्टाफ के अभाव में यह उद्देश्य पूरा होता नजर नहीं आ रहा। जब सेंटर में बुनियादी सुविधाएं और कर्मचारी ही उपलब्ध नहीं हैं तो कैंसर मरीजों को उपचार कैसे मिलेगा। फरवरी में शुरू हुए इस सेंटर की मौजूदा स्थिति स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। संवाद
विज्ञापन

-
कीमो की दवा तक नहीं
केंद्र शुरू होने के समय यहां कीमोथैरेपी की दवा उपलब्ध करवाई गई थी लेकिन उसकी मियाद नजदीक होने के कारण वापस भेज दी गई। इसके बाद नई दवा की उपलब्धता नहीं हो पाई। नतीजतन सेंटर पर आने वाले मरीजों को कीमोथैरेपी की सुविधा नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को पॉलिक्लीनिक की फार्मेसी पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि कैंसर डे केयर में तैनात नर्सिंग ऑफिसर की ड्यूटी नागरिक अस्पताल में लगा दी गई है। उन्हें डेपुटेशन पर भेजा गया है।
-
पीजीआई रोहतक से रेफर मरीजों को ही मिलनी है सुविधा
कैंसर डे केयर सेंटर में हर कैंसर मरीज की कीमोथैरेपी नहीं हो सकती। यहां केवल उन्हीं मरीजों को यह सुविधा दी जानी है जिनका उपचार पीजीआई रोहतक में चल रहा है। पीजीआई के डॉक्टर मरीज को फतेहाबाद में कीमोथैरेपी करवाने के लिए भेजेंगे तभी यहां उपचार किया जाएगा। इसके लिए मरीज का स्वास्थ्य स्थिर होना भी जरूरी है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक सेंटर में 325 मरीजों की ओपीडी हो चुकी है।
-
20 हजार से अधिक कैंसर मरीज, इलाज के लिए दूसरे जिलों के चक्कर
एक अनुमान के अनुसार जिले में 20 हजार से अधिक कैंसर मरीज हैं। इनमें बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए हिसार, पंजाब के बठिंडा और राजस्थान के बीकानेर जा रहे हैं। इसका आंकड़ा भी स्वास्थ्य विभाग के पास नहीं है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर शुरू किए गए डे केयर सेंटर से मरीजों को काफी उम्मीदें थीं लेकिन दवा और स्टाफ की कमी ने इन उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
-
दवा की डिमांड भेजी, स्टाफ 10 दिन के लिए डेपुटेशन पर
कैंसर डे केयर सेंटर के विशेषज्ञ डॉ. राहुल ने बताया कि वह फिलहाल छुट्टी पर हैं। कीमोथैरेपी की दवा की डिमांड भेजी गई है। यहां के स्टाफ को 10 दिन के लिए डेपुटेशन पर भेजा गया है। फिलहाल पॉलिक्लीनिक के स्टाफ को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
-
कैंसर डे केयर को जल्द नागरिक अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा। फिलहाल यहां पर मरीज भी कम आ रहे हैं। रोहतक पीजीआई से आने वाले मरीज की ही कीमो की जा सकती है।
विज्ञापन

- डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन, फतेहाबाद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें