सडक़ सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी बैठक को संबोधित करती उपायुक्त मनदीप कौर। सूचना विभाग
फतेहाबाद। लघु सचिवालय के सभागार में वीरवार को सड़क सुरक्षा और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मनदीप कौर ने की।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तय मानकों का सख्ती से पालन करें, ताकि यातायात सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि किसी विभाग द्वारा लापरवाही पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए सुबह 7 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक लंबे रूट की कोई भी बस शहर में प्रवेश न करें। इस बसों का आवागमन बाईपास रास्तों से ही किया जाए। जिले के संभावित दुर्घटनास्थल को चिह्नित कर ठीक किया जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न घटे। उपायुक्त ने सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की समीक्षा करते हुए शिक्षा और आरटीए विभाग को निर्देश दिए कि वे स्कूल वाहनों की नियमित जांच करें।
उन्होंने जिले में सड़क किनारे लगे पेड़ों की समय-समय पर छंटाई करवाने के भी निर्देश दिए। बैठक के दौरान आरटीए संजय बिश्नोई ने सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी और सुझाव दिया कि सड़क पर ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।