रतिया। नगर पालिका चेयरपर्सन प्रीति खन्ना के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव से पहले दोनों पक्षों ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। 9 जुलाई को होने वाली वोटिंग से पहले अधिकतर पार्षद भ्रमण पर चले गए हैं। सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष पक्ष और विरोधी खेमा अपने-अपने समर्थक पार्षदों के साथ शहर से बाहर हैं और सीधे 9 जुलाई को अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में होने वाली बैठक में पहुंचेंगे।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिका के 17 पार्षदों में से 14 ने जिला उपायुक्त को शिकायत देकर अध्यक्ष प्रीति खन्ना के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की थी। इसके बाद जिला उपायुक्त ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए थे और अतिरिक्त उपायुक्त ने 9 जुलाई की तारीख निर्धारित की थी।
अविश्वास प्रस्ताव पर शहर में राजनीतिक हलचल तेज है। दोनों पक्ष अपने समर्थक पार्षदों को साथ रखने के प्रयास में जुटे हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि प्रस्ताव पारित कराने के लिए एक विधायक सक्रिय हैं जबकि अध्यक्ष प्रीति खन्ना के पक्ष में एक पूर्व विधायक और राज्यस्तरीय अध्यक्ष भी समर्थन जुटाने में लगे हैं।